आईईए और शारदा ग्रुप के बीच हुआ एमओयू, उद्योग-शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/06/2026): उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (आईईए) और शारदा ग्रुप के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल में शारदा यूनिवर्सिटी, शारदा हॉस्पिटल और शारदा केयर शामिल हैं।
एमओयू के तहत शारदा यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को उद्योगों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT), इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल विजिट और प्लेसमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही उद्योग अपनी वास्तविक चुनौतियों और समस्याओं को विश्वविद्यालय के साथ साझा करेंगे, जिनके समाधान के लिए विद्यार्थियों और विशेषज्ञों द्वारा नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी दक्षता का उपयोग किया जाएगा। शारदा यूनिवर्सिटी उद्योगों को बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) से संबंधित सहयोग और मार्गदर्शन भी प्रदान करेगी।
समझौते के अंतर्गत शारदा हॉस्पिटल और शारदा केयर द्वारा आईईए के सदस्यों, उनके परिवारजनों और कर्मचारियों को चिकित्सा सेवाओं में विशेष सुविधाएं और रियायती दरों पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में समय-समय पर मेडिकल हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और परामर्श सुनिश्चित हो सके।

आईईए के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही सफल और विकसित व्यवसाय की कुंजी है। उन्होंने कहा कि इस एमओयू से उद्योग जगत को दोहरा लाभ मिलेगा। एक ओर शारदा हॉस्पिटल और शारदा केयर की स्वास्थ्य सेवाएं उद्योगों को लाभान्वित करेंगी, वहीं दूसरी ओर शारदा यूनिवर्सिटी के सहयोग से नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा मिलेगा। शारदा ग्रुप के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्थान के पास अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है, जो उद्योगों और उनके कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एमओयू हस्ताक्षर समारोह में आईईए की ओर से नरेंद्र सोम, विशाल गोयल, एच.एन. शुक्ला, सुशील शर्मा, विवेक चौहान, गगन धीमान, अनिल शुक्ला, एम.पी. शुक्ला, सूर्यकांत तोमर, वैभव सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। इस समझौते से उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच समन्वय मजबूत होगा तथा क्षेत्र के औद्योगिक विकास, नवाचार और सामाजिक कल्याण को नई गति मिलने की उम्मीद है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindic.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।