17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसानों की महापंचायत, आंदोलन तेज करने का ऐलान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24 June 2026): किसानों की लंबित मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा, गौतमबुद्ध नगर ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है। संगठन की जिला कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 17 जुलाई 2026 को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर एक विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले भर से हजारों किसान भाग लेंगे।
जिला कमेटी की बैठक की अध्यक्षता जयकरण भाटी ने की, जबकि संचालन जगबीर नंबरदार ने किया। बैठक में विभिन्न गांव कमेटियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और किसानों से जुड़े मुद्दों पर प्राधिकरण एवं शासन स्तर पर हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई।
किसान नेताओं ने कहा कि 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, आबादी निस्तारण, नए भूमि अधिग्रहण कानून का प्रभावी क्रियान्वयन तथा अन्य किसान हितों से जुड़े मामलों पर अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। इसी कारण आगामी महापंचायत के माध्यम से किसानों की एकजुटता का प्रदर्शन किया जाएगा और आगे की आंदोलनात्मक रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसान संघर्ष मोर्चा के सहयोगी संगठनों किसान एकता संघ और किसान परिषद को महापंचायत एवं प्रस्तावित आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया जाएगा, ताकि संयुक्त रूप से किसानों की आवाज को और मजबूत किया जा सके।
किसान सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व में प्राधिकरण और किसान संगठनों के बीच लिखित समझौता हुआ था। इसके आधार पर 10 प्रतिशत विकसित भूखंड का प्रस्ताव ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 133वीं बोर्ड बैठक में पारित कर शासन को भेजा गया था। इसके अलावा वर्ष 2024 में गठित हाई पावर कमेटी ने भी इस मांग को न्यायसंगत माना था। बावजूद इसके, मामला अब तक शासन स्तर पर लंबित है, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है।

बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने आरोप लगाया कि गौतम बुद्ध नगर में नए भूमि अधिग्रहण कानून की भावना के विपरीत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से किसानों की भूमि के सर्किल रेट में कोई वृद्धि नहीं की गई है। जबकि बाजार में जमीनों की कीमतें 20 हजार से 30 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच चुकी हैं, वहीं किसानों की जमीनों का अधिग्रहण बेहद कम दरों पर किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे किसानों में भारी रोष है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजब सिंह नेताजी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को उठाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करना और उन्हें जेल भेजना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि बिल्डरों और बड़े पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला महासचिव संदीप भाटी ने कहा कि 17 जुलाई को होने वाली महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे और अपनी मांगों को लेकर आगे के संघर्ष का रोडमैप घोषित करेंगे। बैठक के दौरान तिलपता गांव के पूर्व निर्विरोध प्रधान सुदेश भाटी ने अखिल भारतीय किसान सभा की सदस्यता ग्रहण की। उन्हें किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर और संरक्षक जयकरण सिंह भाटी ने संगठन का पट्टा पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित किसानों और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सुदेश भाटी ने संगठन को मजबूत बनाने और किसान हितों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में भगत सिंह चेची, बुधपाल यादव, पप्पू भाटी, डॉ. गजेंद्र, यतेंद्र मैनेजर, सुले यादव, भोजराज रावल, लाला नागर, मनोज प्रधान, निरंकार प्रधान, महेश प्रजापति, अजयपाल भाटी, इंद्रजीत भाटी, मुकेश तोगड़, डॉ. जगदीश, लीलू भाटी, उधम सिंह भाटी, एडवोकेट गुरप्रीत, फिरे नागर, विनोद नागर, नरेश नागर, सतीश उपाध्याय, विजय यादव, सुरेश यादव, भोपाल यादव, जोगेंद्र प्रधान, अशोक आर्य, सुरेंद्र पंडित, पवन शर्मा, देशराज राणा, ओमदत्त पंडित और सूबेदार रामभूल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सैकड़ों किसानों ने भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।