नोएडा एयरपोर्ट बनेगा इंटरनेशनल हब, साल के अंत तक शुरू होंगी उड़ानें

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (24/06/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं शुरू होने का रास्ता अब लगभग साफ होता नजर आ रहा है। एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इसे सितंबर–अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तकनीकी परीक्षण और अन्य औपचारिकताओं को पूरा कर वर्ष के अंत तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) की 27वीं बोर्ड बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने की। इस दौरान घरेलू और कार्गो सेवाओं की वर्तमान स्थिति, उड़ानों की संख्या तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि टर्मिनल भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब आंतरिक सज्जा एवं अन्य अंतिम कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

एयरपोर्ट को केवल यात्री सेवाओं तक सीमित न रखते हुए इसे एक बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। दूसरे चरण में 1365 हेक्टेयर क्षेत्र में आधुनिक मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (MRO) हब स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए अकासा एयर के साथ पहले ही समझौता हो चुका है। एमआरओ सुविधा विकसित होने से विमानों के रखरखाव के लिए अन्य शहरों और देशों पर निर्भरता कम होगी तथा विमानन क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

वहीं, एयरपोर्ट विस्तार योजना के तहत दूसरे रनवे और विमानन उद्योग से जुड़ी इकाइयों की स्थापना का खाका भी तैयार किया जा रहा है। तीसरे चरण में हजारों हेक्टेयर भूमि पर नए रनवे, सर्विस रनवे, हैंगर और एविएशन इंडस्ट्री विकसित की जाएगी। प्रशासन के अनुसार भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भविष्य में देश के सबसे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित करने की योजना है। एयरपोर्ट परिसर के आसपास एयरोसिटी, लॉजिस्टिक्स पार्क, कार्गो कॉम्प्लेक्स और औद्योगिक क्षेत्रों का भी विकास किया जाएगा। इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।