जेवर एयरपोर्ट के नामकरण पर विधायकों ने CM योगी का जताया आभार

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (10/10/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के फैसले को लेकर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और अनूपशहर विधायक ने शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान विधायकों ने फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और गौतमबुद्ध नगर के किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखे जाने को क्षेत्र के लिए सम्मान और गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से जेवर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही, उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही विकास परियोजनाओं के बीच किसानों के हितों और अधिकारों का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

किसानों के अतिरिक्त मुआवजे और आबादी प्लॉट का मुद्दा उठा

मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में भूमि अधिग्रहण के बदले अतिरिक्त मुआवजे, आबादी के प्लॉट और किसानों के अन्य लंबित अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। विधायक धीरेंद्र सिंह ने इन समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि प्रभावित किसानों को उनका हक मिल सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने किसानों के अधिकारों की रक्षा करने और उनकी लंबित समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने का भरोसा दिलाया।

बैठक में जहां जेवर एयरपोर्ट के नामकरण के फैसले पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया, वहीं किसानों की लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया। अब किसानों की निगाहें इन मुद्दों पर होने वाली आगामी कार्रवाई और समाधान पर टिकी हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।