GIMS में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल जारी, प्रशासन बोला- मरीजों की सेवाओं पर नहीं पड़ा असर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24/06/2026): गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS) में आउटसोर्स किए गए नॉन-टीचिंग कर्मचारियों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। 15 जून से शुरू हुए इस आंदोलन को समाप्त कराने के लिए संस्थान प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन सकी है।

GIMS प्रशासन के अनुसार हड़ताली कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ कई चरणों में वार्ता की गई, लेकिन बातचीत किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच पाई। प्रशासन का कहना है कि कर्मचारी बिना किसी प्रतिस्पर्धात्मक भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए अपनी सेवाओं को नियमित (रेगुलर) किए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं, जिसके चलते गतिरोध बना हुआ है।

संस्थान ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल के बावजूद मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया गया है। मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, इंटर्न और छात्रों ने अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालते हुए अस्पताल की आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखा है।

प्रशासन के मुताबिक सभी ओपीडी विभाग सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और आपातकालीन सेवाएं भी बिना किसी बाधा के जारी हैं। इसके अलावा पैथोलॉजी जांच, एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण डायग्नोस्टिक सेवाएं भी नियमित रूप से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।

GIMS प्रशासन ने दावा किया कि पिछले सप्ताह की तुलना में अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है, जो संस्थान की सेवाओं के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाती है। मंगलवार को विभिन्न ओपीडी में कुल 1,121 मरीजों ने उपचार प्राप्त किया, जबकि 40 नए मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया।

हड़ताल के कारण उत्पन्न स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त नॉन-टीचिंग कर्मचारियों की तैनाती भी की है। हालांकि, प्रशासन के संज्ञान में यह बात आई है कि इनमें से कुछ कर्मचारियों ने स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हुए अस्पताल परिसर छोड़ दिया। बताया गया कि उन्हें अपनी सुरक्षा और संरक्षण को लेकर चिंता थी। GIMS प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया है। साथ ही कहा है कि मरीजों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अस्पताल की सभी आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रूप से जारी रखा जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।