‘मुझे जान का खतरा है’ कहने के कुछ घंटों बाद मिली नवविवाहिता की लाश, पति गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24/06/2026): दनकौर क्षेत्र के राजपुर कला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र के किनौनी गांव निवासी 22 वर्षीय निशा की शादी वर्ष 2025 में गौतमबुद्ध नगर के राजपुर कला निवासी पवन कुमार से हुई थी। परिजनों का कहना है कि विवाह के समय उनकी आर्थिक क्षमता के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।

मृतका के भाई नितिन द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष लगातार एक स्कॉर्पियो वाहन और 10 लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर निशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच कई बार बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

परिजनों का यह भी कहना है कि 10 जून को निशा की मां राजपुर कला पहुंची थीं और परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन कथित रूप से दहेज को लेकर दबाव और उत्पीड़न जारी रहा।

मायके पक्ष का दावा है कि घटना वाले दिन निशा ने अपने भाई को फोन कर कहा था कि उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है और ससुराल पक्ष उसके खिलाफ किसी गंभीर साजिश की तैयारी कर रहा है। परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद पति पवन कुमार का फोन आया, जिसने निशा की मौत की सूचना दी। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो निशा मृत अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।

मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर थाना दनकौर पुलिस ने पति पवन कुमार, जेठ भीम सिंह, जेठानी पिंकी और पंकज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दनकौर पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं मृतका के पति पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 23 जून को गोपनीय सूचना के आधार पर उसे बांजरपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय पवन कुमार पुत्र बिरजी निवासी राजपुर कला, थाना दनकौर के रूप में हुई है। पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और गवाहों के बयान जांच के महत्वपूर्ण आधार होंगे। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि गांव में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।