New Delhi News (24 June 2026): नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना प्रदर्शन बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर बुधवार शाम एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजेंद्र चौहान शामिल होंगे। उन्होंने आंदोलन को समर्थन देते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। प्रोफेसर चौहान का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, परीक्षाओं की पारदर्शिता और शिक्षा बजट में बढ़ोतरी जैसे मुद्दे लंबे समय से उठाए जा रहे हैं, लेकिन सरकार ने इन्हें गंभीरता से नहीं लिया। इसी वजह से अब शिक्षा से जुड़े सवाल राष्ट्रीय बहस का विषय बनते जा रहे हैं।
प्रोफेसर विजेंद्र चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी संदेश में कहा कि वर्षों से शिक्षा की बदहाली और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की जाती रही है। उन्होंने कहा कि चाहे उन्हें किसी भी नाम से पुकारा गया हो, लेकिन शिक्षा के मुद्दों पर उनकी आवाज लगातार उठती रही है। उनके अनुसार अब स्थिति यह है कि शिक्षा से जुड़े प्रश्न सार्वजनिक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं और सत्ता तथा विपक्ष दोनों को इन विषयों पर अपनी बात रखनी पड़ रही है।
शाम पांच बजे जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल पर प्रोफेसर विजेंद्र चौहान एक पब्लिक लेक्चर भी देंगे। इस दौरान NEET पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की चुनौतियों, शिक्षा में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वहीं, CJP नेताओं ने दावा किया है कि आंदोलन को समाप्त कराने के लिए कुछ असामाजिक तत्व दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।