नोएडा में ट्रकों की आवाजाही होगी स्मार्ट, 7 दिन के सर्वे से बनेगा नया लॉजिस्टिक प्लान
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (23/06/2026): नोएडा में बढ़ते औद्योगिक विस्तार और माल परिवहन की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने शहर के लिए सिटी लॉजिस्टिक प्लान (सीएलपी) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सात दिनों तक विशेष सर्वे कराया जा रहा है, जिसमें ट्रकों की आवाजाही, माल ढुलाई और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े यातायात का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य शहर में यातायात जाम कम करना और माल परिवहन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है।
केंद्र सरकार की पहल पर देश के 100 से अधिक शहरों के लिए सिटी लॉजिस्टिक प्लान तैयार किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश से नोएडा, वाराणसी और मुरादाबाद को इस परियोजना में शामिल किया गया है। नोएडा में सर्वे के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। एक टीम शहर के प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर ट्रकों की आवाजाही का आकलन कर रही है, जबकि दूसरी टीम औद्योगिक क्षेत्रों में जाकर माल ढुलाई और लॉजिस्टिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी एकत्र कर रही है।
सर्वे के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन कितने ट्रक नोएडा आते हैं, उनका उपयोग किन कार्यों में होता है और किन मार्गों पर सबसे अधिक यातायात का दबाव रहता है। सात दिनों तक जुटाए गए आंकड़ों का विश्लेषण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) की अध्यक्षता में एक समिति भी गठित की है, जो रिपोर्ट की समीक्षा के बाद शासन के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजेगी।
इस योजना के तहत ट्रकों के लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, प्रमुख लॉजिस्टिक कॉरिडोर की पहचान, वेयरहाउस एवं औद्योगिक क्षेत्रों का मानचित्र तैयार करने के साथ-साथ पार्किंग, लोडिंग और अनलोडिंग सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति के अनुरूप दीर्घकालिक रणनीति भी तैयार की जाएगी, ताकि औद्योगिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हों और शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि योजना लागू होने के बाद ट्रकों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी, जिससे प्रमुख मार्गों पर जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी। आगामी समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद माल परिवहन में संभावित वृद्धि को देखते हुए यह योजना शहर को आधुनिक और स्मार्ट लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।