गंग नहर में कूदे युवक का तीन दिन बाद मिला शव, पारिवारिक विवाद बना कारण

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (22/06/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में गंग नहर में छलांग लगाने वाले 21 वर्षीय युवक का शव घटना के तीन दिन बाद बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस के संयुक्त सर्च अभियान के बाद सोमवार दोपहर बांजरपुर गांव के पास नहर में युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की पहचान नीरज (21) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अलीगढ़ जिले के टप्पल का निवासी था और लंबे समय से अपने परिवार के साथ दनकौर क्षेत्र के मंडी श्याम नगर कस्बे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि घर में मामूली कहासुनी के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया और गंग नहर पुल से छलांग लगा दी।

परिजनों के मुताबिक, नीरज की मां ने उसे रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वह तेजी से नहर की ओर बढ़ गया। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। प्रभारी प्रदीप कुमार चौबे के नेतृत्व में गोताखोरों और बचाव दल ने कई किलोमीटर तक नहर में लगातार सर्च अभियान चलाया। सोमवार को बांजरपुर गांव के पास युवक का शव बरामद कर लिया गया।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नीरज के पिता राजकुमार ई-रिक्शा चालक हैं। नीरज दो भाइयों में बड़ा था। पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद के चलते युवक द्वारा यह कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।