गौतमबुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (20/06/2026): जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर बनाए हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाते हुए डेयरियों और दुग्ध उत्पाद कारोबारियों पर शिकंजा कसा। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध और पनीर के पांच नमूने एकत्र किए गए, जबकि करीब 300 किलोग्राम संदिग्ध एवं उपभोग के लिए अनुपयुक्त पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिले में मिलावटी एवं घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग लगातार सघन जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में अलग-अलग टीमों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र में डेयरियों तथा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की संयुक्त टीम ने ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी क्षेत्र स्थित एक डेयरी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां रखे गए पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसका नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही लगभग 100 किलोग्राम पनीर को मानकों के अनुरूप न पाए जाने और स्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त समझे जाने पर नष्ट करा दिया गया।
इसी टीम ने जेवर तहसील के जहांगीरपुर गांव में संचालित एक डेयरी इकाई का भी निरीक्षण किया, जहां से दूध का नमूना लेकर परीक्षण के लिए सुरक्षित किया गया।

दूसरी ओर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह और विशाल गुप्ता की टीम ने नोएडा सेक्टर-15 स्थित एक डेयरी प्रतिष्ठान में जांच की। निरीक्षण के दौरान वहां उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर उसका नमूना लिया गया। साथ ही लगभग 200 किलोग्राम पनीर को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर नष्ट कराया गया।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने सेक्टर-65 स्थित एक प्रमुख खाद्य निर्माण इकाई का निरीक्षण कर दूध और पनीर के एक-एक नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को विधिवत सील कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान कुल पांच नमूने लिए गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटी या निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।