1.10 लाख आवेदनों के बीच आज खुलेगी किस्मत की पर्ची | शैलेन्द्र भाटिया, ACEO, YEIDA

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (18 जून 2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की आवासीय भूखंड योजना RPS-10/2026 के तहत आज 973 आवासीय प्लॉटों के आवंटन के लिए ड्रॉ प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। यही कारण है कि मात्र 973 भूखंडों के लिए कुल 1,10,203 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) शैलेन्द्र भाटिया ने टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में बताया कि पूरी आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए मैनुअल लॉटरी प्रणाली अपनाई गई है। इस प्रक्रिया में बच्चों द्वारा पर्चियां निकालकर विजेताओं का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ड्रॉ की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तीन सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों का एक स्वतंत्र पैनल पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा। यह पैनल लॉटरी के प्रत्येक चरण पर नजर रखेगा, जिससे आवंटन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

प्राधिकरण ने आवेदकों और आम जनता की सुविधा के लिए ड्रॉ प्रक्रिया के लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था की है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न समाचार प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ YEIDA के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर किया जा रहा है, ताकि लोग घर बैठे पूरी प्रक्रिया का अवलोकन कर सकें।

गौरतलब है कि यमुना प्राधिकरण की यह आवासीय भूखंड योजना क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे और बढ़ती निवेश संभावनाओं के कारण काफी चर्चा में रही है। विशेष रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर और अन्य विकास परियोजनाओं के आसपास स्थित इन भूखंडों के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है

अब 1.10 लाख से अधिक आवेदकों की निगाहें आज होने वाले ड्रॉ पर टिकी हैं। सभी को इंतजार है उस पल का, जब लॉटरी की पर्चियां खुलेंगी और यह तय होगा कि हजारों दावेदारों में से किन 973 लोगों के नाम आवासीय भूखंड का आवंटन होगा।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।