“UP बनेगा देश की विकास यात्रा का ग्रोथ इंजन” – MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी | UPITS 2026
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (12/06/2026): उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) 2026 के प्रथम इंडस्ट्री आउटरीच मीट का आयोजन शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित होटल द रॉयल प्लाजा में किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, शशि भूषण लाल सुशील (IAS); सचिव प्रांजल यादव (IAS), आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन (IAS); एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजय कुमार, डॉ राकेश कुमार, चेयरमैन इंडिया एक्सपो मार्ट एंड लिमिटेड; सुदीप सरकार- सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट एंड लिमिटेड; विभिन्न देशों के राजनयिक, निर्यात संवर्धन परिषदों के प्रतिनिधि, उद्योग संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि, उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो आज केवल एक प्रदर्शनी नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, सांस्कृतिक और आर्थिक क्षमता का वैश्विक मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में उद्योग, निवेश, निर्यात और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और यूपीआईटीएस इस परिवर्तन की कहानी को दुनिया के सामने रखने का माध्यम बन रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार और वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास की नई दिशा तय की है। आज उत्तर प्रदेश केवल कृषि आधारित अर्थव्यवस्था नहीं है, बल्कि विनिर्माण, निर्यात, एमएसएमई, स्टार्टअप और नवाचार का भी मजबूत केंद्र बनकर उभरा है।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा, आज उत्तर प्रदेश निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। बेहतर कानून व्यवस्था, आधुनिक एक्सप्रेसवे नेटवर्क, मजबूत बिजली व्यवस्था और उद्योग-अनुकूल नीतियों ने राज्य को देश के सबसे आकर्षक निवेश केंद्रों में शामिल कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट संकल्प है कि उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा का ग्रोथ इंजन बने और हम सभी उसी दिशा में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के पिछले संस्करणों को देश और दुनिया से अभूतपूर्व समर्थन मिला। इससे उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक उद्योगों और नवाचार आधारित उद्यमों को वैश्विक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिला है। UPITS 2025 ने कई नए कीर्तिमान स्थापित किए थे। इस आयोजन के दौरान हजारों करोड़ रुपये के व्यापारिक समझौते और व्यावसायिक पूछताछ प्राप्त हुईं, जिससे राज्य के उद्योगों को नई गति मिली। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि UPITS 2026 इससे भी अधिक सफल और प्रभावशाली आयोजन साबित होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ कार्यक्रम आज राज्य की पहचान बन चुका है। प्रदेश का प्रत्येक जिला अपनी विशिष्ट उत्पाद परंपरा, शिल्पकला और उद्यमशीलता के लिए जाना जाता है। यूपीआईटीएस के माध्यम से इन स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा, उत्तर प्रदेश की विरासत, नवाचार और उत्कृष्टता का अद्भुत संगम आज दुनिया देख रही है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश का हर उद्यमी, हर कारीगर और हर युवा विकास की मुख्यधारा से जुड़े। हम विशेष रूप से एमएसएमई, स्टार्टअप, ओडीओपी इकाइयों और प्रथम पीढ़ी के उद्यमियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं ताकि आर्थिक विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान समय में लगभग 96 लाख एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं, जिनसे करीब 4 करोड़ लोग प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुल निर्यात में एमएसएमई क्षेत्र की हिस्सेदारी आधे से अधिक है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था में इस क्षेत्र के महत्व को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, हमारी सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से हम उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। ट्रेड शो की तैयारियों पर जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि UPITS 2026 में लगभग 2400 स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया की प्रतिष्ठित कंपनियों, खरीदारों और निवेशकों को इस आयोजन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा, मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बार का ट्रेड शो पहले से कहीं अधिक भव्य होगा। देश और दुनिया की प्रमुख कंपनियां इसमें भाग लेंगी और उत्तर प्रदेश की औद्योगिक ताकत, निर्यात क्षमता तथा निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने उद्योग जगत, निवेशकों, खरीदारों और व्यापारिक संगठनों को उत्तर प्रदेश आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के विकास, निवेश और वैश्विक साझेदारी का नया अध्याय लिखेगा। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और भागीदारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज तेजी से बदल रहा है और आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।