UPITS 2026 से बदलेगी UP की वैश्विक पहचान, ‘व्यापार का महाकुंभ’ बनेगा आयोजन: डॉ राकेश कुमार, चेयरमैन, इंडिया एक्सपो मार्ट
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (12/06/2026): उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) 2026 के प्रथम इंडस्ट्री आउटरीच मीट का आयोजन शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित होटल द रॉयल प्लाजा में किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, शशि भूषण लाल सुशील (IAS); सचिव प्रांजल यादव (IAS); आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन (IAS); एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा; विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजय कुमार; विभिन्न देशों के राजनयिक, निर्यात संवर्धन परिषदों के प्रतिनिधि, उद्योग संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण देते हुए इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार (Dr. Rakesh Kumar) ने कहा कि, उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो ने बहुत कम समय में न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के उद्योग एवं व्यापार जगत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यह रोडशो केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक ऐसी यात्रा का शुभारंभ है, जो उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार और निवेश के मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा।
डॉ. राकेश कुमार ने मुख्य अतिथि भूपेंद्र चौधरी का स्वागत करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश की राजनीति के एक वरिष्ठ, अनुभवी और दूरदर्शी जनप्रतिनिधि हैं। तीन दशकों से अधिक समय के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने संगठन और शासन दोनों स्तरों पर उल्लेखनीय योगदान दिया है। वर्तमान में एमएसएमई मंत्री के रूप में वह राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बुलंदशहर क्षेत्र से जुड़े होने के कारण उन्हें लंबे समय से भूपेंद्र चौधरी के कार्यों को निकट से देखने का अवसर मिला है। उन्होंने स्थानीय उद्योगों, उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने में हमेशा सकारात्मक भूमिका निभाई है।
डॉ. राकेश कुमार ने राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि, उनका राजनीतिक जीवन जमीनी स्तर से शुरू हुआ है और जनता तथा कार्यकर्ताओं के साथ उनका मजबूत जुड़ाव उनकी विशेष पहचान है।
उन्होंने प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील (आईएएस) की प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली है। विभिन्न जिलों और विभागों में उनके लंबे अनुभव का लाभ आज उद्योग और निवेश क्षेत्र को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावासों का सहयोग यूपीआईटीएस को वैश्विक स्वरूप देने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि विभिन्न देशों के खरीदारों और निवेशकों को जोड़ने में मंत्रालय की भूमिका निर्णायक साबित होगी। कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, विभिन्न निर्यात संवर्धन परिषदों, उद्योग संगठनों, व्यापारिक संघों और कई देशों के दूतावासों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति इस आयोजन की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है।

डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026, जो 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा, अब केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं रह गया है, बल्कि यह संस्कृति, व्यापार, निवेश, तकनीक और नवाचार का संगम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि इस बार के आयोजन में 100 से अधिक देशों के खरीदारों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी, एआई आधारित स्मार्ट मैचमेकिंग, ग्रीन बिजनेस और सस्टेनेबल उत्पादों पर विशेष फोकस, स्टार्टअप इनोवेशन हब तथा रक्षा विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, एग्री-टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों की विशेष प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण होंगी।
अपने संबोधन के अंत में डॉ. राकेश कुमार ने कहा, हमें पूर्ण विश्वास है कि आप सभी के सहयोग, सहभागिता और मार्गदर्शन से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 व्यापार, निवेश और निर्यात संवर्धन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। आइए, हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति दें, अवसरों को साझेदारी में और साझेदारी को विकास में बदलें।
उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों, निवेशकों, स्टार्टअप्स, निर्यातकों और व्यापारिक संगठनों को यूपीआईटीएस 2026 का हिस्सा बनने का आमंत्रण देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।