दिल्ली में नहीं थम रही आग की घटनाएं | तुगलकाबाद में भीषण अग्निकांड

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (12 जून 2026): दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में देर रात एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग इमारत की ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में खड़े वाहनों से शुरू हुई, जिसके बाद घना धुआं और लपटें तेजी से पूरी इमारत में फैल गईं। आग की चपेट में आने से इमारत की ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पूरी तरह जल गईं, जबकि ऊपरी मंजिलों को भी नुकसान पहुंचा।

दिल्ली फायर सर्विस (Delhi Fire Service) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान (Rescue Operation) शुरू किया। दमकलकर्मियों ने इमारत में फंसे कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव अभियान के दौरान छत पर फंसी दो युवतियों तक पहुंचने के लिए दमकलकर्मियों को छत का ताला तोड़ना पड़ा, जिसके बाद दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

पुलिस के अनुसार सुबह 6:40 बजे तक पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल (Safdarjung Hospital) के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष को एम्स ट्रॉमा सेंटर (AIIMS Trauma Centre) भेजा गया। सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दो महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक पुरुष की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। दो अन्य महिलाओं का इलाज चल रहा है।

आग पर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक आशंका है कि पार्किंग में खड़े वाहनों से निकली आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।