उद्यमियों और पुलिस के बीच संवाद से मजबूत होगा समन्वय, समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा: DCP शैलेंद्र कुमार सिंह

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा न्यूज (09 जून 2026): इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने आज मंगलवार को उद्यमियों और पुलिस के बीच संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आईबीए की पूरी टीम, पदाधिकारियों और इकोटेक-1 एवं इकोटेक-2 क्षेत्र के उद्यमियों ने इस संवाद कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने अपने अनुभव, समस्याएं और महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए, जिससे पुलिस को क्षेत्र की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।

डीसीपी ने कहा कि उद्यमियों से प्राप्त फीडबैक पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। उनका उद्देश्य क्षेत्र को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है, ताकि इसे एक आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि बैठक में अपराध नियंत्रण, औद्योगिक क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं, यातायात व्यवस्था तथा व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सभी मुद्दों पर सकारात्मक माहौल में विचार-विमर्श किया गया और समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस एवं उद्यमियों द्वारा टीम भावना के साथ कार्य करने पर सहमति बनी।

भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि संवाद केवल किसी समस्या के समय तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नियमित रूप से इस तरह की बैठकें आयोजित होती रहनी चाहिए। निरंतर संवाद और बेहतर कम्युनिकेशन से कई समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सकता है और इससे समाज में भी सकारात्मक संदेश जाता है।

IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि उद्योगों के बेहतर संचालन के लिए पुलिस और उद्यमियों के बीच निरंतर संवाद बेहद आवश्यक है। इस बैठक में उद्यमियों ने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न चुनौतियों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान का सकारात्मक आश्वासन मिला है।

IBA की वाइस प्रेसिडेंट खुशबू सिंह ने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम उद्यमियों और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों की सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए पुलिस का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में महिला उद्यमियों सहित सभी उद्यमियों को अपनी बात रखने का अवसर मिला, जिससे कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए विषयों पर जल्द प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी।

इस अवसर पर आईबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय, वाइस प्रेसिडेंट खुशबू सिंह, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में औद्योगिक जगत से जुड़े उद्यमी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।