प्रॉपर्टी खरीदने में जल्दबाजी न करें, बाजार में भरपूर विकल्प मौजूद: यूपी रेरा

टेन न्यूज नेटवर्क

National News(09/06/2026): उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण ने गृह खरीददारों और निवेशकों को सलाह दी है कि वे रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश संबंधी निर्णय पूरी जानकारी, जांच-पड़ताल और वित्तीय क्षमता को ध्यान में रखते हुए लें। प्राधिकरण ने कहा है कि किसी भी प्रकार के प्रचार, अफवाह या दबाव में आकर संपत्ति खरीदने का निर्णय नहीं लेना चाहिए।

यूपी रेरा के अनुसार वर्तमान समय में प्रदेश के रियल एस्टेट बाजार में लगभग 1.15 लाख से अधिक आवासीय एवं कमर्शियल यूनिट्स उपलब्ध हैं। इन यूनिट्स में फ्लैट, विला, प्लॉट, दुकानें, कार्यालय और अन्य प्रकार के कमर्शियल स्पेस शामिल हैं। उपलब्ध स्टॉक यह दर्शाता है कि खरीददारों के पास अपनी आवश्यकता और बजट के अनुसार पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं।

पश्चिमी जोन में सबसे अधिक स्टॉक

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी जोन में कुल स्टॉक का लगभग 55 प्रतिशत, यानी 60 हजार से अधिक यूनिट्स उपलब्ध हैं। यह क्षेत्र वर्तमान में रियल एस्टेट गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है और यहां विभिन्न श्रेणियों की परियोजनाओं में बड़ी संख्या में यूनिट्स बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

मध्य और पूर्वी जोन में भी पर्याप्त विकल्प

प्रदेश के मध्य जोन में कुल उपलब्ध स्टॉक का लगभग 35 प्रतिशत, अर्थात 40 हजार से अधिक यूनिट्स मौजूद हैं। वहीं पूर्वी जोन में भी 15 हजार से अधिक यूनिट्स उपलब्ध हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश के सभी प्रमुख क्षेत्रों में आवासीय और कमर्शियल संपत्तियों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।

‘स्टॉक खत्म होने’ या ‘रेट बढ़ने’ के दावों से सावधान रहें

प्राधिकरण ने कहा कि कई बार कुछ प्रमोटर अथवा एजेंट संभावित खरीददारों को यह विश्वास दिलाने का प्रयास करते हैं कि आने वाले समय में प्रॉपर्टी की कीमतों में तेज वृद्धि होने वाली है या बाजार में उपलब्ध यूनिट्स शीघ्र समाप्त हो जाएंगी। ऐसे दावों के आधार पर खरीददारों पर तत्काल बुकिंग का दबाव बनाया जाता है। यूपी रेरा ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान उपलब्ध आंकड़े किसी भी प्रकार की स्टॉक कमी की स्थिति की पुष्टि नहीं करते हैं।

निवेश से पहले रेरा पोर्टल पर अवश्य करें जांच

यूपी रेरा ने सलाह दी है कि किसी भी परियोजना में निवेश करने से पहले खरीददार परियोजना का रेरा पंजीकरण, प्रमोटर का रिकॉर्ड, स्वीकृत नक्शे, परियोजना की प्रगति और कब्जा देने की समय-सीमा जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच अवश्य करें। सभी आवश्यक सूचनाएं रेरा पोर्टल पर उपलब्ध हैं, जिनका अध्ययन कर खरीददार अधिक सुरक्षित निर्णय ले सकते हैं।

सोच-समझकर करें निवेश

प्राधिकरण ने कहा कि रियल एस्टेट में निवेश एक दीर्घकालिक वित्तीय निर्णय होता है। इसलिए गृह खरीददारों को किसी भी बहकावे, कृत्रिम कमी के माहौल या जल्दबाजी में लिए गए निर्णय से बचना चाहिए। वर्तमान में बाजार में पर्याप्त संख्या में यूनिट्स उपलब्ध हैं, इसलिए खरीददारों के पास विभिन्न परियोजनाओं की तुलना कर अपने लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प चुनने का पर्याप्त अवसर है।

यूपी रेरा की अपील

यूपी रेरा ने सभी गृह खरीददारों और निवेशकों से अपील की है कि वे तथ्यों और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर ही निवेश का निर्णय लें। बाजार में आवासीय एवं कमर्शियल यूनिट्स की पर्याप्त उपलब्धता को देखते हुए किसी भी प्रकार के दबाव, भ्रामक प्रचार या तात्कालिक लाभ के प्रलोभन में आकर निवेश करने से बचें तथा पूरी सूझ-बूझ और सावधानी के साथ संपत्ति का चयन करें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।