यूपी को स्टार्टअप हब बनाने की तैयारी, नई नीति-2026 पर सीएम योगी का फोकस

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (08/06/2026): उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश को देश के अग्रणी स्टार्टअप केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में नई स्टार्टअप नीति-2026 तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित नीति के विभिन्न प्रावधानों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ऐसी नीति बनाने के निर्देश दिए हैं, जो युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने स्टार्टअप इकोसिस्टम के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2018 में जहां प्रदेश इस क्षेत्र में शुरुआती स्तर पर था, वहीं अब भारत सरकार की स्टार्टअप रैंकिंग 2025 में ‘टॉप परफॉर्मर’ राज्यों में अपनी जगह बना चुका है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश को नवाचार और उद्यमिता का प्रमुख केंद्र बनाया जाना चाहिए।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नई नीति में स्टार्टअप्स को शुरुआती चरण से लेकर विस्तार (स्केल-अप) तक हर स्तर पर व्यापक सहयोग प्रदान किया जाए। इसके लिए भरण-पोषण भत्ता, प्रोटोटाइप विकास सहायता, सीड फंडिंग, पेटेंट और गुणवत्ता प्रमाणन से जुड़े प्रोत्साहनों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि नवाचार करने वाले युवाओं को आर्थिक और तकनीकी दोनों प्रकार का सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर समुदाय तथा पूर्वांचल और बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों के स्टार्टअप्स को विशेष प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए इन वर्गों को अतिरिक्त अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे भी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने डीप-टेक और अनुसंधान आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, शोध केंद्रों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की संख्या बढ़ाने तथा निवेशकों और एक्सेलेरेटर कार्यक्रमों से स्टार्टअप्स को जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही स्टार्टअप गतिविधियों के प्रभावी संचालन, निगरानी और समन्वय के लिए ‘उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन’ के गठन का सुझाव भी दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे युवाओं को अपने नवाचारपूर्ण विचारों को सफल उद्यम में बदलने के लिए बेहतर मंच, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।