अंजना ओम कश्यप और टीवी टुडे ग्रुप पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, खान सर समेत 8 लोगों पर मानहानि का मुकदमा
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (08 जून 2026): प्रख्यात टीवी पत्रकार Anjana Om Kashyap और TV Today Network ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से मानहानिकारक सामग्री प्रसारित किए जाने के आरोप में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। इस मामले में चर्चित शिक्षक Khan Sir समेत कुल आठ व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रतिवादी बनाया गया है।
दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि हाल ही में एक टीवी डिबेट के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से नकारात्मक अभियान चलाया गया। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि कई वीडियो, पोस्ट और टिप्पणियों के माध्यम से उनकी पेशेवर छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
याचिका के अनुसार, आलोचना की सामान्य सीमा से आगे बढ़ते हुए कुछ सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो में व्यक्तिगत टिप्पणियां की गईं तथा उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाए गए। इसके अलावा कुछ सामग्री में निजी जानकारियों का उल्लेख भी किया गया, जिससे उनकी सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर चिंताएं उत्पन्न हुईं।
मामले में खान सर के अलावा कुछ अन्य शिक्षकों, यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया हैंडल्स को भी पक्षकार बनाया गया है। साथ ही Meta , Youtube सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को भी प्रतिवादी के रूप में शामिल किया गया है। याचिका में अदालत से अनुरोध किया गया है कि कथित मानहानिकारक सामग्री को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटाने के निर्देश दिए जाएं और संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का आदेश जारी किया जाए।
याचिकाकर्ताओं ने यह भी दावा किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के कारण न केवल अंजना ओम कश्यप बल्कि उनके परिवार को भी असुविधा और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
इसके अतिरिक्त, अंजना ओम कश्यप और टीवी टुडे ग्रुप ने कथित मानहानि के लिए दो करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। अब इस मामले की सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह विवाद अब अदालत तक पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इस मामले में महत्वपूर्ण कानूनी घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं।
(नोट: मामले में लगाए गए आरोप याचिका में किए गए दावों पर आधारित हैं। अंतिम सत्यता और कानूनी निष्कर्ष अदालत की सुनवाई एवं निर्णय के अधीन होंगे।)
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।