हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव में गूंजा छत्रपति शिवाजी महाराज का गौरवगान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (07/06/2026): सेक्टर-3, पॉकेट-ए में शुक्रवार रात्रि आयोजित हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस समारोह का आयोजन उत्साह, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 185 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 51 बच्चों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों एवं उनकी माताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना का संचार किया। समारोह के मुख्य वक्ता प्रदीप जी ने अपने संबोधन में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक राजा नहीं, बल्कि हिंदू संस्कृति और स्वाभिमान के महान रक्षक थे। उनका जीवन आज भी इसलिए प्रासंगिक है क्योंकि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्र और धर्म की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रदीप जी ने बताया कि शिवाजी महाराज ने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं का त्याग कर समाज और राष्ट्र के लिए संघर्ष का मार्ग चुना तथा विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध गुरिल्ला युद्ध नीति अपनाकर उन्हें पराजित किया।

उन्होंने कहा कि उस समय दक्षिण भारत का बड़ा भाग विदेशी आक्रमणकारियों के प्रभाव में था, लेकिन शिवाजी महाराज ने अपने साहस, रणनीति और संगठन क्षमता के बल पर ‘हिंदवी स्वराज्य’ की स्थापना कर इतिहास में नया अध्याय लिखा। उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि सामान्य नागरिक भी उनके नेतृत्व में असाधारण योद्धा बन जाता था।

प्रदीप जी ने शिवाजी महाराज की दूरदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के महत्व को समझते हुए एक सशक्त नौसेना की स्थापना की, जो उस समय की एक क्रांतिकारी पहल थी। उन्होंने यह भी कहा कि शिवाजी महाराज ने नारी सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिया। महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को वे गंभीर अपराध मानते थे और दोषियों को कठोर दंड देते थे।

उन्होंने बीजापुर विजय के दौरान की एक ऐतिहासिक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि जब सैनिक नवाब के सूबेदार के परिवार की महिला गोहर बानू को अपने साथ ले आए, तब शिवाजी महाराज ने उन्हें सम्मानपूर्वक अपनी पुत्री के समान मानकर सुरक्षित वापस भेज दिया। यह घटना उनके उच्च चरित्र और नारी सम्मान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।

अपने संबोधन में प्रदीप जी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व निर्माण में माता जीजाबाई और समर्थ गुरु रामदास के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि माता जीजाबाई ने रामायण, महाभारत और गीता के आदर्शों से शिवाजी के मन में राष्ट्रभक्ति, धर्मनिष्ठा और पराक्रम के संस्कार डाले। वहीं समर्थ गुरु रामदास की शिक्षाओं और शारीरिक प्रशिक्षण ने उन्हें एक दृढ़ और शक्तिशाली नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित किया।

उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि भारत को पुनः परम वैभव की ओर ले जाने के लिए समाज के सभी वर्गों को संगठित होकर कार्य करना होगा। राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता के माध्यम से ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ज्योति स्वरूप श्रीवास्तव ने की। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और समाज को आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक सशक्त, समृद्ध और संगठित राष्ट्र के नागरिक ही सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं।आयोजकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान और भारत के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।