राहुल गांधी पर विशेषाधिकार हनन का आरोप, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (4 फरवरी 2025): भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने संसद में अपने भाषण के दौरान भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश की और ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया।
निशिकांत दुबे ने अपने पत्र में कहा कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान छह प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें शामिल हैं:
1. भारत में मोबाइल फोन बनते नहीं, सिर्फ असेंबल किए जाते हैं।
2. चीन द्वारा भारत के पूर्वी क्षेत्र में जबरन भूमि कब्जा करना।
3. अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने पर भारत को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित न किया जाना।
4. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली।
5. चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में पक्षपात।
6. जातिगत जनगणना की आवश्यकता।
भाजपा सांसद ने कहा कि इन सभी मुद्दों पर राहुल गांधी ने झूठ फैलाया और बिना प्रमाण संसद में गलत तथ्य प्रस्तुत किए । निशिकांत दुबे ने पत्र में लिखा कि राहुल गांधी ने संसद में दिए गए अपने भाषण को प्रमाणित नहीं किया, न ही अपनी बातों का कोई सबूत दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता ने जानबूझकर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही जल्द से जल्द शुरू की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की कि संसद के मौजूदा सत्र में राहुल गांधी को निंदा प्रस्ताव के जरिए औपचारिक रूप से माफी मंगवाई जाए। इस पत्र के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।