नई दिल्ली (04 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मोती नगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार हरीश खुराना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें अपनी ही पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते और एक महिला सांसद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, भाजपा नेता हरीश खुराना ने इस वीडियो को फर्जी करार दिया है और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हरीश खुराना ने बताया फर्जी, कीर्ति नगर थाने में दर्ज कराई शिकायत
वायरल वीडियो को लेकर हरीश खुराना ने इसे ‘डीपफेक’ बताया और आम आदमी पार्टी (आप) पर इसे फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कीर्ति नगर पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई और चुनावी माहौल में उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया। खुराना ने सोशल मीडिया पर अपनी पुलिस शिकायत का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, “इतनी नीच राजनीति नहीं करनी चाहिए। यही कारण है कि दिल्ली की जनता केजरीवाल से तंग आ चुकी है। देखिए, किस तरह फर्जी वीडियो डालकर किसी की छवि खराब करने और परिवार में झगड़ा लगाने की कोशिश की जाती है।”
उन्होंने पहले भी सोशल मीडिया पर इस वीडियो को पूरी तरह से झूठा बताते हुए जनता से अपील की थी कि ऐसे प्रचार से बचें। उन्होंने कहा, “चुनावी हार के डर से विरोधी अब इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।”
अलका लांबा ने भाजपा पर साधा निशाना, पीएम मोदी और अमित शाह से मांगा जवाब
इस वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस नेता अलका लांबा ने भाजपा पर हमला बोला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से जवाब मांगा। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में उन्होंने कहा, “मोती नगर से भाजपा उम्मीदवार हरीश खुराना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और एक महिला सांसद के खिलाफ अपशब्द कह रहे हैं। वे यहां तक कह रहे हैं कि ‘बीजेपी में लड़की सप्लाई करने से टिकट मिलता है।’ यह बेहद शर्मनाक है कि भाजपा की राजनीति किस स्तर तक गिर गई है।”
अलका लांबा ने भाजपा के शीर्ष नेताओं को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और नड्डा ने हरीश खुराना के लिए प्रचार किया है, इसलिए उन्हें इस मामले में सफाई देनी चाहिए।
चुनाव से पहले विवाद, भाजपा-आप में बढ़ी तनातनी
इस वीडियो को लेकर दिल्ली की सियासत गरमा गई है। भाजपा ने इसे चुनावी साजिश बताते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है, जबकि कांग्रेस इसे भाजपा के आंतरिक कलह से जोड़ रही है। आम आदमी पार्टी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन चुनावी माहौल में इस विवाद ने नई बहस छेड़ दी है।
अब देखना होगा कि यह मामला कितना तूल पकड़ता है और क्या भाजपा या हरीश खुराना को इस पर कोई आधिकारिक सफाई देनी पड़ती है। वहीं, पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि यह वीडियो असली है या डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर इसे बनाया गया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।