श्री जगन्नाथ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्तों का उत्साह, पांच दिवसीय महोत्सव का आयोजन
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (3 फरवरी 2024): नोएडा के सेक्टर-121 में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में रविवार को पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्ति रस से भरपूर उपदेश ने श्रद्धालुओं के हृदय में उल्लास भर दिया।
महोत्सव की शुरुआत सुबह सूर्य पूजा, गौ पूजा और यज्ञशाला पूजा से हुई, जिसके पश्चात माहत्यज्ञ अनुष्ठान संपन्न किया गया। जगन्नाथ पुरी मंदिर के महारभु के आद्य सेवक, गजपति महराजा दिव्या सिंघा देब द्वारा देवताओं के अभिषेक के बाद पहली पूजा की गई। इसके पश्चात मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का पवित्र अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिससे मंदिर का वातावरण दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्री जगन्नाथ मंदिर में पहली आरती आयोजित की गई, जिसमें कलाकारों और कीर्तन मंडली ने सुर, ताल और भक्ति के अद्भुत संगम से भक्तों का मन मोह लिया। संतोष राउत, सुधीर दास, दलीप चोपड़ा, अनिल चंचल और विजय वर्मा जैसे नामी कलाकारों ने सुर मल्हार टीम और मंडली के साथ मिलकर प्रस्तुतियाँ दीं। रोहित कुमार बाबी और ओडिशा दास नृत्यशाला द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें भक्तिमय गीत, नृत्य और नाटक शामिल रहे।
धर्म गुरू स्वामी माधवानंद महाराज ने जगन्नाथ अमृत कथा के माध्यम से भक्त उपदेश दिए। उपदेश के दौरान, मां खरवाई कीर्तन मंडली ने मंत्रमुग्ध कर देने वाले भजन प्रस्तुत कर भक्तों को एक अद्वितीय आध्यात्मिक अनुभव प्रदान किया। इस अवसर पर अयोध्या धाम, हरिद्वार, ऋषिकेश, पुरी, बनारस से साधु-संत, महात्मा और अन्य धार्मिक व्यक्तित्व भी उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पाँच दिवसीय महोत्सव के दौरान मंदिर को फूल, रुई और रोशनी की रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया। इस अवसर पर गौतमबुद्धनगर सांसद डा. महेश शर्मा, डा. रवीन्द्र नारायण बेहरा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह और वरिष्ठ नेता श्याम जाजू उपेंद सिंह समेत कई प्रमुख राजनेता और समाजसेवी भी शामिल हुए। इनके साथ गुरु जी गौतम ऋषि, दिनेश खाडे, किन्नौर द्विवेदी, नवीन गुप्ता, विपिन कुमार मलहान, राजेश सहाय, बड़ा मिश्रा, डा. चिद्यात्मिका खाटुआ, संदीप मारवाह, आचार्य शैलेश तिवारी, संत गौतम ऋषि और मंत्री संजय गहलोत समेत कई अन्य विशिष्ट हस्तियाँ महोत्सव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
महोत्सव आयोजन समिति के उपाध्यक्ष प्रमोद भल ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद चार देवताओं का राजसी दृश्य भक्तों के लिए अत्यंत मंत्रमुग्ध कर देने वाला रहा। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के अनुष्ठान न केवल धार्मिक आस्था को प्रगाढ़ करते हैं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं।
श्री जगन्नाथ मंदिर में संपन्न इस भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव ने भक्तों में श्रद्धा, उमंग और एकता की भावना को पुनर्जीवित किया। पांच दिवसीय कार्यक्रम में जारी धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रदर्शनी और आध्यात्मिक उपदेश ने सम्पूर्ण आयोजन को सफल और यादगार बना दिया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।