नई दिल्ली (04 फरवरी, 2025): दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) की प्रत्याशी और मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ गोविंदपुरी थाने में FIR दर्ज की गई है। उन पर ड्यूटी के दौरान सार्वजनिक कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने और हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। FIR संख्या 106/25 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 121(1) और 3(5) के तहत दर्ज की गई है।
इस मामले पर आतिशी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आचार संहिता (MCC) का उल्लंघन बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी के परिवार द्वारा किया गया, लेकिन कार्रवाई उनके खिलाफ होने के बजाय खुद उन पर ही केस दर्ज कर दिया गया। उन्होंने इसे चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाला कदम बताया और 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की घोषणा की।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। केजरीवाल ने कहा, “खुले आम हो रही गुंडागर्दी के ख़िलाफ़ शिकायत करने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री पर केस दर्ज कर दिया गया। अब दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग का आधिकारिक स्टैंड यही है कि वे आम आदमी पार्टी के ख़िलाफ़ काम करेंगे, बीजेपी की गुंडागर्दी को संरक्षण देंगे और दारू, पैसे और सामान बाँटने में मदद करेंगे। यदि कोई इस काम को रोकने की कोशिश करेगा, तो उस पर पुलिस और चुनाव आयोग के काम में बाधा डालने का केस कर दिया जाएगा।”
AAP ने इस मामले को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है, जबकि बीजेपी की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अब यह देखना होगा कि चुनाव आयोग इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।