सेक्टर-51 में मोटापा निवारण योग शिविर का सफल समापन, कई लोगों को हुआ स्वास्थ्य लाभ
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (31/05/2026): सेक्टर-51 स्थित सी-ब्लॉक पार्क में भारतीय योग संस्थान द्वारा आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क मोटापा रोग निवारण शिविर का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। शिविर में 70 से अधिक साधकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए।
समापन समारोह में सेक्टर-51 आरडब्ल्यूए के सचिव संजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं भारतीय योग संस्थान दिल्ली प्रांत-2 की संगठन मंत्री भूपेन्द्र कौर तथा नोएडा जिला-3 के जिला मंत्री सरबजीत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय योग संस्थान नोएडा जिला-1 के प्रधान हीरा सिंह बिष्ट और जोनल मंत्री हेमा नकरा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान योग विशेषज्ञों और पदाधिकारियों ने मोटापे की बढ़ती समस्या, उसके कारणों और उससे होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने बताया कि बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी, असंतुलित खान-पान और अनियमित दिनचर्या मोटापे के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास और अनुशासित जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में भारतीय योग संस्थान के जिला अधिकारी अभिषेक कुमार, संजय शर्मा और रमण द्विवेदी ने भी सहभागिता करते हुए साधकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि संजीव कुमार ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में योग एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। वहीं भूपेन्द्र कौर ने उपस्थित साधकों को विभिन्न योगासनों एवं शवासन का अभ्यास कराया और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
नोएडा जिला-1 के प्रधान हीरा सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में ध्यान और निष्काम कर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी मोटापा नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी यह ज्ञानवर्धक चर्चा साधकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
समारोह के दौरान भारतीय योग संस्थान की परंपरा के अनुसार भूपेन्द्र कौर एवं सरबजीत सिंह का जन्मदिवस भी वैदिक मंत्रोच्चार और शुभकामनाओं के साथ मनाया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों पदाधिकारियों को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।कार्यक्रम का संचालन हेमा नकरा ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजीव कुमार, सी-ब्लॉक अध्यक्ष एवं आरडब्ल्यूए सदस्य अरविंद शर्मा, भूपेन्द्र कौर और सरबजीत सिंह को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
पांच दिवसीय शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन कम से कम एक घंटे योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने भारतीय योग संस्थान के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।