गौतमबुद्ध नगर की ट्रैफिक समस्याओं पर डीसीपी ट्रैफिक से मिला DDRWA फेडरेशन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30/05/2026): गौतमबुद्ध नगर में लगातार बढ़ रही यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने फेडरेशन के अध्यक्ष एन.पी. सिंह के नेतृत्व में पुलिस उपायुक्त (यातायात) अभय कुमार मिश्र से उनके सेक्टर-14 स्थित कार्यालय में मुलाकात की। बैठक के दौरान जिले के विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) और सामाजिक संगठनों से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों को विस्तार से रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के अध्यक्ष एन.पी. सिंह के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, महिपाल सिंह, एस.पी. चौहान, आर.सी. गुप्ता, पी.के. सिंह, पुनीत शुक्ला, ललित चौहान, कन्हैयालाल अवाना, सुनील राजपूत, ओमपाल सिंह, संजीव राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में फेडरेशन की ओर से डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाया जा सकेगा। फेडरेशन ने कहा कि बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक जाम एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिसके समाधान के लिए प्रशासन और नागरिक संगठनों के बीच समन्वय आवश्यक है।
फेडरेशन ने आश्वासन दिया कि यातायात नियमों के पालन और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए वह ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करेगा। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा मेट्रो स्टेशनों और बाजारों के आसपास होने वाली अवैध पार्किंग का रहा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सेक्टर-18, सेक्टर-51 और 52 मेट्रो स्टेशन, बोटैनिकल गार्डन, सेक्टर-62 तथा अट्टा मार्केट के आसपास ई-रिक्शा और ऑटो चालकों द्वारा अनधिकृत रूप से वाहन खड़े किए जाने के कारण रोजाना भारी जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
फेडरेशन ने जिले में ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल अनियोजित रोड इंजीनियरिंग और गलत तरीके से बनाए गए यू-टर्न का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि कई स्थानों पर डिवाइडरों में बिना वैज्ञानिक योजना के कट बनाए गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। वाहनों के अचानक लेन बदलने, सीमित जगह में मुड़ने और उचित संकेतकों की कमी के कारण कई स्थान ब्लैक स्पॉट में तब्दील हो चुके हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि सभी यू-टर्न का तकनीकी मूल्यांकन कर उन्हें वैज्ञानिक मानकों के अनुसार विकसित किया जाए। साथ ही, भारी वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त टर्निंग रेडियस, स्लिप लेन और संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात प्रभावित न हो। बैठक में ट्रैफिक पुलिस के सीमित संसाधनों और मैनपावर की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। फेडरेशन ने कहा कि पीक आवर्स के दौरान प्रमुख चौराहों और एक्सप्रेसवे एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण लंबा जाम लग जाता है। सेक्टर-37, सेक्टर-57 चौराहा, महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-52 यू-टर्न और सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मॉल के आसपास ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने की आवश्यकता बताई गई।
इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्ती बढ़ाने, लालबत्ती उल्लंघन और ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी रखी गई। फेडरेशन ने सुझाव दिया कि मैनपावर की कमी को दूर करने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क मजबूत किया जाए तथा ई-चालान प्रणाली का व्यापक उपयोग किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने कालिंदी कुंज मार्ग पर बनने वाले बॉटलनेक, सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर अवैध थ्री-व्हीलर पार्किंग, सेक्टर-52 यू-टर्न पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग तथा सेक्टर-51 स्थित बीडीएस मार्केट के पास संचालित अनधिकृत थ्री-व्हीलर स्टैंड से उत्पन्न ट्रैफिक समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। फेडरेशन ने यह भी मांग की कि सेक्टरों के अंदर से गुजरने वाले व्यावसायिक ई-रिक्शा रूटों पर नियंत्रण किया जाए तथा आवासीय क्षेत्रों में अनियंत्रित व्यावसायिक गतिविधियों को रोका जाए। इसके साथ ही ऐसे बैंक्वेट हॉलों पर कार्रवाई की मांग की गई, जिनके पास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है और जिनके कारण सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से जाम की समस्या पैदा होती है।
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने की मांग की। फेडरेशन का कहना था कि कई बार ऑटो चालकों द्वारा महिलाओं और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आती हैं, जिन्हें रोकने के लिए नियमित पुलिस निगरानी आवश्यक है। बैठक के अंत में डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन ने डीसीपी ट्रैफिक से अनुरोध किया कि प्रस्तुत किए गए सभी सुझावों और समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि गौतमबुद्ध नगर के निवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।