पहली बार बिग क्रिकेट लीग की मेजबानी करेगा ग्रेटर नोएडा, 3 जून से शुरू होंगे मैच

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (28/05/2026): ग्रेटर नोएडा पहली बार बिग क्रिकेट लीग (BCL) की मेजबानी करने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 3 जून से 13 जून तक ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रॉस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे नाम शामिल हैं।

आयोजकों के अनुसार, बिग क्रिकेट लीग सीजन-2 में छह फ्रेंचाइजी टीमें कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी ईज माई ट्रिप के सहयोग से किया जा रहा है। मौजूदा चैंपियन टीम मुंबई मरींस है।

इस लीग की खास बात यह है कि देशभर से चयनित 60 शौकिया क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय और पूर्व आईपीएल खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें और दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव प्राप्त कर सकें।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी इस आयोजन में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर सभी तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। क्रिकेट ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आयोजकों ने बताया कि सभी मैचों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा और दर्शकों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। भारत में मैचों का सीधा प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा टूर्नामेंट का प्रसारण 25 से अधिक देशों में भी किया जाएगा।

ईज माई ट्रिप के संस्थापक एवं चेयरमैन निशांत पिट्टी ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का शानदार प्रयास है। उन्होंने इसे क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक अनुभव बताया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।