परीक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, कन्हैया कुमार ने की शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (27 May 2026): दिल्ली में कांग्रेस और NSUI की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता और NSUI के प्रभारी कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री परीक्षा पर चर्चा तो करते हैं, लेकिन देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा अव्यवस्थाओं पर चुप्पी साध लेते हैं। कन्हैया कुमार ने कहा कि शिक्षा मंत्री अपने मंत्रालय की जवाबदेही लेने में पूरी तरह असफल साबित हुए हैं और इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार के संरक्षण में परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता लगातार कमजोर होती जा रही है।
कन्हैया कुमार ने कहा कि NTA फ्री और फेयर तरीके से परीक्षाएं कराने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि या तो NTA से परीक्षाएं कराने का अधिकार वापस लिया जाए या फिर उसे संवैधानिक दर्जा देकर उसकी जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में NTA एक ऐसी संस्था बनकर रह गई है, जिस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और छात्रों का भरोसा टूटता जा रहा है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नियमों को ताक पर रखकर सत्ता से जुड़े लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता खत्म हो रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र और उनके परिवार मानसिक दबाव में हैं। खासतौर पर NEET और CBSE के प्रभावित छात्रों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को किसी और की नाकामी की कीमत अपनी जिंदगी देकर नहीं चुकानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी, NSUI और यूथ कांग्रेस छात्रों के न्याय की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी हैं और आगे भी हर स्तर पर उनका समर्थन करती रहेंगी।
कन्हैया कुमार ने CBSE छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं और ऑनलाइन स्क्रीनिंग प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई छात्र अपनी आंसर शीट प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं और जिन छात्रों को कॉपी मिली है, उनमें भी मूल्यांकन को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने प्रभावित छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी हो रही है, वे 9268030030 नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं और पार्टी उनकी हरसंभव मदद करेगी।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के शासन में पेपर लीक “स्वाभाविक घटना” बन चुका है। उन्होंने कहा कि “जो लोग वोट चोरी करके सत्ता में बैठे हैं, उनके शासन में पेपर लीक होना योग्यता और क्षमता बन गई है।” कन्हैया कुमार ने दावा किया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियां सिर्फ प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की बड़ी साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता से उठाएगी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देगी।
अंत में कन्हैया कुमार ने छात्रों और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे डरने की बजाय अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को “लाठीतंत्र” में बदलने की कोशिश किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस पार्टी युवाओं, विद्यार्थियों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर मंच पर संघर्ष जारी रखेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।