दिल्ली मेट्रो की नई पहल, अब पुराने कपड़े जमा करेगी DMRC

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (27 May 2026): दिल्ली में बढ़ते कपड़ा कचरे और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अब पुराने कपड़ों को नया जीवन देने की तैयारी शुरू हो गई है। Delhi Metro Rail Corporation और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी में एक विशेष अभियान शुरू करने जा रहे हैं, जिसके तहत लोगों के पुराने कपड़े सीधे मेट्रो स्टेशनों पर जमा किए जाएंगे। मुख्यमंत्री Rekha Gupta की पहल पर शुरू हो रही इस योजना का उद्देश्य कपड़ों को कचरे में जाने से रोकना और उन्हें रिसाइक्लिंग व अपसाइक्लिंग के जरिए दोबारा उपयोग में लाना है। सरकार का मानना है कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों में टिकाऊ जीवनशैली को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी।

इस योजना के पहले चरण में राजधानी के 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर विशेष कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे। इनमें शाहदरा, मोहन एस्टेट, रोहिणी वेस्ट, लाजपत नगर, मालवीय नगर, मयूर विहार फेज-1, हौज खास, पंजाबी बाग वेस्ट, द्वारका और शालीमार बाग स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर यात्री और स्थानीय निवासी अपने घरों में रखे पुराने या इस्तेमाल न होने वाले कपड़े जमा कर सकेंगे। पूरी व्यवस्था को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि लोग आसानी से इस अभियान का हिस्सा बन सकें और कपड़ों के सुरक्षित संग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

डीएमआरसी के मुताबिक जमा किए गए कपड़ों को उनकी स्थिति और उपयोगिता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाएगा। उपयोग योग्य कपड़ों को स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों की मदद से नए उत्पादों में बदला जाएगा। इन पुराने कपड़ों से बैग, दरी, सजावटी सामान और अन्य घरेलू उत्पाद तैयार किए जाएंगे। खास बात यह है कि इन अपसाइक्लिंग उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन के लिए चयनित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष स्थान भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे महिलाओं और छोटे समूहों को रोजगार और आय का अवसर भी मिल सकेगा।
जो कपड़े दोबारा इस्तेमाल के लायक नहीं होंगे, उन्हें विशेष रिसाइक्लिंग यूनिट्स में भेजा जाएगा। वहां इनसे रिसाइक्ल्ड यार्न, फाइबर और नॉन-वोवन फेल्ट जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया का मकसद “जीरो वेस्ट” मॉडल को बढ़ावा देना है, ताकि अधिकतम कपड़ा सामग्री को दोबारा उपयोग में लाया जा सके। विशेषज्ञों के अनुसार, कपड़ा उद्योग से निकलने वाला अपशिष्ट तेजी से पर्यावरणीय संकट बनता जा रहा है और ऐसे अभियानों से लैंडफिल में जाने वाले कचरे को कम करने में मदद मिलेगी।

डीएमआरसी ने बताया कि इस परियोजना की ब्रैंडिंग “दिल्ली मेट्रो लेडीज वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन” के नाम से की जाएगी। फिलहाल कलेक्शन बॉक्स लगाने, ब्रैंडिंग और विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू से जुड़ी प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद योजना को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि यह पहल न सिर्फ दिल्ली को स्वच्छ बनाने में मदद करेगी, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाला एक जनभागीदारी अभियान भी बनेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।