भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिस को राहत, शुरू हुआ ‘एसी हेलमेट’ ट्रायल
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (25 May 2026): राजधानी दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने जवानों को राहत देने के लिए नई तकनीक का सहारा लिया है। चिलचिलाती धूप में घंटों सड़क पर ड्यूटी करने वाले जवानों के लिए अब ‘एसी हेलमेट’ और पोर्टेबल फैन का ट्रायल शुरू किया गया है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने के कारण ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में यह पहल जवानों को गर्मी से बचाने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
फिलहाल यह प्रोजेक्ट ट्रायल फेज में है और सीमित संख्या में कुछ जवानों को ही एसी हेलमेट दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर यह प्रयोग सफल रहता है और जवानों के लिए प्रभावी साबित होता है तो भविष्य में इसे बड़े स्तर पर लागू किया जा सकता है। दिल्ली की सड़कों पर लंबे समय तक धूप में खड़े रहकर ट्रैफिक संभालना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, ऐसे में यह तकनीक पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत बन सकती है।
ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने भी इस नई व्यवस्था को काफी उपयोगी बताया है। एक जवान ने कहा कि सामान्य टोपी की तुलना में एसी हेलमेट पहनने पर तापमान में स्पष्ट अंतर महसूस होता है। करीब 200 ग्राम वजन वाला यह हेलमेट हल्का है और इसे लंबे समय तक पहनना आसान है। जवानों के मुताबिक, रोजाना करीब 8 घंटे की ड्यूटी के दौरान इसे 4 से 5 घंटे तक आराम से इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे धूप और गर्म हवाओं का असर काफी कम हो जाता है।
इन हेलमेट की खास बात यह है कि इनमें छोटे-छोटे कूलिंग फैन और एयर वेंट लगाए गए हैं, जो सिर के अंदर ठंडी हवा पहुंचाने का काम करते हैं। बैटरी से चलने वाले ये फैन हेलमेट के भीतर तापमान को सामान्य बनाए रखते हैं। बताया जा रहा है कि बाहर के तापमान और हेलमेट के अंदर के तापमान में 8 से 12 डिग्री सेल्सियस तक का फर्क महसूस किया जा सकता है। हेलमेट में लगी रिचार्जेबल लिथियम-आयन बैटरी लगभग 8 घंटे तक कूलिंग सपोर्ट देने में सक्षम है।
दिल्ली में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए यह पहल काफी अहम मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तकनीक सफल रहती है तो भविष्य में अन्य राज्यों की पुलिस और फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी इसे अपनाया जा सकता है। फिलहाल ट्रैफिक पुलिस के जवानों के लिए यह एसी हेलमेट तेज धूप और गर्मी के बीच बड़ी राहत साबित होता दिखाई दे रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।