NPCL की नीतियों के खिलाफ खेड़ी भनौता में महापंचायत, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/05/2026): ग्रेटर नोएडा के खेड़ी भनौता गांव में रविवार को एनपीसीएल कंपनी की कथित मनमानी, गलत बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में विशाल महापंचायत आयोजित की गई। गांव के प्राइमरी स्कूल परिसर में हुई इस पंचायत में सैकड़ों ग्रामीणों, किसानों और युवाओं ने हिस्सा लिया तथा बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली के खिलाफ गहरा आक्रोश जताया।
महापंचायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी दरों पर बिजली आपूर्ति कर रही है, जिससे किसानों और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने और बिजली चोरी के नाम पर ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। पंचायत में वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि गलत बिजली बिलों में सुधार नहीं किया गया, ग्रामीणों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए और जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक के दौरान हाल ही में डेरिन चौगानपुर गांव में हुई एक घटना का भी मुद्दा उठा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा नियुक्त बाउंसर और अन्य लोग बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए संदीप नामक युवक के घर में घुस गए और परिवार के साथ मारपीट की। ग्रामीणों का कहना था कि कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों ने न तो पहचान पत्र दिखाए, न ही वीडियो रिकॉर्डिंग की गई और न ही किसी स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पंचायत में इसे कानून के विरुद्ध कार्रवाई बताया गया।
किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. रूपेश वर्मा ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि देशभर में बिजली कानून संशोधन और स्मार्ट मीटरों के खिलाफ विरोध बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कानून में बदलाव के जरिए किसानों और ग्रामीणों को मिलने वाली सब्सिडी खत्म करने की तैयारी की जा रही है, जिसका किसान सभा विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन हर परिस्थिति में ग्रामीणों के साथ खड़ा रहेगा और उत्पीड़न जारी रहने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
किसान सभा के महासचिव संदीप भाटी ने कहा कि बिजली कंपनी की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं खेड़ी कमेटी के अध्यक्ष एवं जिला कमेटी सचिव मुकेश ने कहा कि गांव की कमेटी अन्याय और शोषण के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गलत बिल और मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, तब तक गांव में कंपनी कर्मचारियों के प्रवेश का विरोध किया जाएगा और स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे।

वरिष्ठ किसान नेता सतीश नेताजी ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा नियुक्त लोग गांवों में जबरन प्रवेश करते हैं और विरोध करने पर अभद्रता व मारपीट करते हैं। वहीं डब्बर प्रधान ने कहा कि यदि कंपनी ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली तो आसपास के गांवों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
महापंचायत समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर ईकोटेक-3 थाने पहुंचे और थाना प्रभारी अजय कुमार से मुलाकात की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिजली कंपनी की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन संदीप और उसके परिवार की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और चोटों के प्रमाण होने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान सभा डीसीपी कार्यालय का घेराव करेगी।
महापंचायत की अध्यक्षता टीकम दरोगा ने की, जबकि संचालन भूपेंद्र सिंह मटोल ने किया। कार्यक्रम में ज्ञानी सिंह, मास्टर सतबीर, मन्नू दूदी, सुरेंद्र लाला, कर्मवीर, अजीपाल, एडवोकेट अजीत सिंह, आनंद शर्मा, ज्ञानेन्द्र, जगत सिंह, लाखन सिंह, फिरेराम, मास्टर आसकरण, बिजेंद्र भोला, महकार सिंह, अमरजीत, ज्ञान, लछमन, बबली, राकेश प्रधान, गुलाब प्रधान, मनोज भनौता, सुशील, सुले यादव, विनोद सैनी और भीम खारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।