नोएडा में साइबर ठगों का कहर, ऑनलाइन खरीदारी से निवेश तक 19 लाख की ठगी
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (28/08/2026): नोएडा में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को अपना निशाना बनाकर करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। किसी को ऑनलाइन हाइड्रोलिक उपकरण खरीदने के नाम पर फंसाया गया, तो किसी के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराकर बैंक खाते से रकम निकाल ली गई। वहीं, एक व्यक्ति को शेयर बाजार में निवेश से मुनाफे का लालच देकर ठगा गया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी कारोबारी दिलीप कुमार ने हाइड्रोलिक उपकरण खरीदने के लिए इंटरनेट पर जानकारी जुटाई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद को सप्लायर बताकर उनसे संपर्क किया। दिलीप ने 9 मई को उपकरण का ऑर्डर दिया और ठग के बताए खाते में करीब 5 लाख रुपये भेज दिए। आरोपी ने माल एयरपोर्ट पहुंचने की बात कही, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी सामान नहीं मिला। बाद में मोबाइल बंद मिलने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।
दादरी निवासी और एनटीपीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रिय रंजन के साथ ठगी का तरीका अलग था। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने आईजीएल बिल के नाम पर उनके मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई। इसके बाद ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और 10 जुलाई को उनके बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। मोबाइल पर बैंक से संबंधित संदेश आने के बाद उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी भरत को शेयर बाजार में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। अनन्या नाम की महिला ने खुद को शेयर बाजार विशेषज्ञ बताते हुए एक कंपनी के शेयर में निवेश के लिए एप डाउनलोड कराया। शुरुआत में 3 हजार रुपये का लाभ दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद भरत ने करीब 6 लाख रुपये निवेश कर दिए। रकम निकालने की कोशिश करने पर आरोपियों ने टैक्स के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे और भुगतान नहीं करने पर अकाउंट फ्रीज करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने संपर्क भी बंद कर दिया।
तीनों पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाना पुलिस और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है। इन घटनाओं से साफ है कि ऑनलाइन खरीदारी, अनजान APK फाइल डाउनलोड करने और निवेश संबंधी ऑफर में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।