“पीरियड्स शर्म नहीं, प्रकृति का विज्ञान”: महिला स्वास्थ्य और सम्मान पर बोलीं Vijaya Rahatkar , अध्यक्षा, NCW

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली ( 22/05/2026): राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित “मेंस्ट्रुअल हाइजीन, महिला स्वास्थ्य एवं कैंसर जागरूकता” कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष Vijaya Rahatkar ने महिला स्वास्थ्य, सम्मान और जागरूकता को लेकर विस्तृत संबोधन दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री Savitri Thakur मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में विजया राहटकर ने कहा कि “मेंस्ट्रुअल हाइजीन केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का मुद्दा है।” उन्होंने कहा कि पीरियड्स को शर्म या संकोच की दृष्टि से नहीं, बल्कि विज्ञान और स्वास्थ्य जागरूकता के नजरिए से देखने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ बिना झिझक अपने स्वास्थ्य पर खुलकर बात करेंगी, तभी वास्तविक महिला सशक्तिकरण संभव होगा। राहटकर ने यह भी रेखांकित किया कि समाज की प्रगति का सही पैमाना यही है कि वह अपनी बेटियों और महिलाओं को कितना सम्मान और संवेदनशीलता देता है। कार्यक्रम के दौरान “हम भारत की महिला हैं” नामक विशेष कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। यह पुस्तक संविधान सभा में योगदान देने वाली 15 प्रेरणादायक महिलाओं के जीवन, संघर्ष और योगदान पर आधारित है। राहटकर ने कहा कि संविधान निर्माण में महिलाओं की भूमिका को अक्सर पर्याप्त पहचान नहीं मिली, जबकि उन्होंने समानता, शिक्षा, गरिमा और महिला अधिकारों को संविधान की आत्मा में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने हंसा मेहता, राजकुमारी अमृत कौर, दुर्गाबाई देशमुख जैसी महान महिलाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को इन प्रेरक व्यक्तित्वों से सीखने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता को लेकर विशेष हेल्थ बस का शुभारंभ भी किया गया, जिसका उद्देश्य गांव-गांव और महिलाओं के द्वार तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है। इस पहल में एनएचपीसी लेडीज़ क्लब की अध्यक्ष शिखा गुप्ता और उनकी टीम के सहयोग की सराहना की गई। विजया राहटकर ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग अब केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं तक स्वयं पहुँचकर जनसुनवाई और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य करेगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और जागरूक नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में 90 प्रतिशत से अधिक डिलीवरी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हो रही है, जो एक बड़ा सकारात्मक बदलाव है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि आयुष्मान भारत और जन औषधि केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं और सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मात्र पांच रुपये में जन औषधि केंद्रों पर सैनिटरी पैड उपलब्ध होना महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है। अपने संबोधन के अंत में विजया राहटकर ने कहा कि “पीरियड्स कोई कलंक नहीं, बल्कि प्रकृति का उपहार हैं। नारी ही सृष्टि और जीवन की निरंतरता का आधार है।” उन्होंने समाज से अपील की कि महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सम्मान को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में देखा जाए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।