ग्रेटर नोएडा दीपक नागर हत्याकांड: मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (21/05/2026): ग्रेटर नोएडा के गांव वैदपुरा में दीपक नागर हत्याकांड (Deepak Nagar Murder Case) मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया 20 मई की रात्रि में थाना इकोटेक-3 क्षेत्रांतर्गत ग्राम वेदपुरा के बाहर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति को गोली लगी है। इस सूचना पर तत्काल फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम एवं अन्य पुलिस बल तथा पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे और वहाँ एक व्यक्ति को घायल पाया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा, परंतु डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दीपक नागर, निवासी वेदपुरा के रूप में हुई।
इस संबंध में परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 05 टीमों का गठन करते हुए इस घटना एवं षड्यंत्र में शामिल चार आरोपी, जिनके नाम क्रमशः नवीन, अभी उर्फ अभय, आकाश, मोगली उर्फ पवन हैं, को गिरफ्तार किया जा चुका है।

आज 21 मई को थाना ईकोटेक-3 पुलिस को गोपनीय माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि उपरोक्त घटना के अन्य 02 आरोपी थाना क्षेत्रांतर्गत डी पार्क सर्विस रोड के पास किसी के इंतजार में छिपे हुए हैं। उक्त सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर आरोपियों को गिरफ्तारी का प्रयास किया, जिसमें आरोपियों द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया तथा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में 02 आरोपी गोली लगने के कारण घायल हो गए।
घायल आरोपियों की पहचान आरोपी हर्ष उर्फ राधे पुत्र कल्लू, निवासी ग्राम वेदपुरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्ध नगर तथा जगत सिंह पुत्र छिद्दा, निवासी ग्राम वेदपुरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है । गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 02 तमंचे .315 बोर, 02 जिंदा कारतूस एवं 02 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। अन्य अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।