दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले AAP में इस्तीफों की झड़ी, सात विधायकों ने छोड़ी पार्टी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (31 जनवरी 2025): दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के सात मौजूदा विधायकों ने शुक्रवार (31 जनवरी) को इस्तीफा दे दिया। इनमें त्रिलोकपुरी से रोहित कुमार, महरौली से नरेश यादव, कस्तूरबा नगर से मदन लाल, पालम से भावना गौड़, जनकपुरी से राजेश ऋषि, बिजवासन से बीएस जून और आदर्श नगर से पवन शर्मा शामिल हैं। इन सभी नेताओं का कहना है कि पार्टी ने उनके साथ विश्वासघात किया और भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई है।
इस्तीफा देने वाले इन सातों विधायकों का इस बार पार्टी ने टिकट काट दिया था, जिससे वे नाराज थे। रोहित कुमार ने अपने इस्तीफे में अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके समाज ने पार्टी को एकतरफा समर्थन दिया था, लेकिन AAP ने सिर्फ वोट बैंक की तरह उनका इस्तेमाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो ठेकेदारी प्रथा खत्म हुई और न ही कच्चे कर्मचारियों को स्थायी किया गया, जबकि पार्टी ने इस पर बड़े वादे किए थे।
जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि ने अपने इस्तीफे में AAP पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति के लिए बनाई गई पार्टी अब भ्रष्टाचार से घिर चुकी है। उन्होंने कहा कि वह अन्ना आंदोलन से जुड़े थे और ईमानदारी की राजनीति के लिए AAP में आए थे, लेकिन अब पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है। इसी तरह, महरौली से विधायक नरेश यादव ने कहा कि उन्होंने 100% ईमानदारी से जनता की सेवा की, लेकिन पार्टी ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।
कस्तूरबा नगर से विधायक मदन लाल और पालम से विधायक भावना गौड़ ने भी इस्तीफा देते हुए पार्टी नेतृत्व पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया। भावना गौड़ ने अपने पत्र में लिखा कि अब उन्हें AAP और अरविंद केजरीवाल पर कोई विश्वास नहीं रह गया है।
इन इस्तीफों के बाद दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। चुनाव से ठीक पहले इतने विधायकों का एक साथ पार्टी छोड़ना आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इन नेताओं का अगला कदम क्या होगा और क्या यह घटनाक्रम दिल्ली चुनावों के नतीजों पर कोई असर डालता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।