PMEGP सब्सिडी लोन के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (15/05/2026): गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर ठगी (Cyber Fraud) के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत सब्सिडी लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। थाना बिसरख पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा (DCP Central Noida) शैलेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य डिजिटल माध्यमों पर आधार कार्ड और पैन कार्ड से संबंधित आकर्षक विज्ञापन चलाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति इन विज्ञापनों पर क्लिक करता, उसके सामने गिरोह द्वारा जारी मोबाइल नंबर प्रदर्शित हो जाता था। इसके बाद आरोपी स्वयं को बैंक या सरकारीवल ऐयोजना से जुड़े लोन अधिकारी बताकर पीड़ितों से संपर्क करते थे।
आरोपी PMEGP योजना के अंतर्गत सब्सिडी आधारित होम लोन और बिजनेस लोन दिलाने का भरोसा दिलाते थे। इसके बाद फाइल चार्ज, प्रोसेसिंग फीस, बीमा शुल्क और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर लोगों से अलग-अलग बैंक खातों में 2 लाख से 4 लाख रुपये तक जमा कराए जाते थे। पुलिस जांच में अब तक करोड़ों रुपये की ठगी की आशंका जताई जा रही है।
छत पर चल रहा था पूरा साइबर नेटवर्क
पुलिस ने गुप्त सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए कृष्णा काउंटी टॉवर-ए, सेक्टर-1 की छत पर छापा मारा, जहां से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 18 की-पैड मोबाइल फोन, 6 स्मार्टफोन और 15 रजिस्टर कॉलिंग डाटा बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक ये रजिस्टर संभावित पीड़ितों, कॉलिंग रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन से जुड़ी जानकारी से भरे हुए थे।
बार-बार बदलते थे सिम कार्ड
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ट्रेसिंग से बचने के लिए की-पैड मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे और लगातार सिम कार्ड बदलते रहते थे। गिरोह का संचालन एक कथित “बॉस” के निर्देश पर किया जा रहा था, जिससे आरोपी मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में रहते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में धर्मराज राठौर, रवि कुमार, किशन राठौर, अक्षय, किरण नायर और किरण बाबू राठौर शामिल हैं। सभी आरोपी कर्नाटक राज्य के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की शैक्षणिक योग्यता 6वीं से लेकर बीएससी तक है, लेकिन तकनीकी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर इन्होंने सुनियोजित तरीके से साइबर फ्रॉड नेटवर्क तैयार किया था।
कई राज्यों तक फैल सकता है नेटवर्क
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि कई अन्य राज्यों के लोगों को भी अपना शिकार बना चुका है। बैंक खातों, मोबाइल डेटा और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच के जरिए अब यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में थाना बिसरख में धारा 319(2), 318(4) बीएनएस और 66D आईटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर ने कहा है कि साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आम नागरिकों को ऐसे फर्जी लोन ऑफर्स से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।