नीट पेपर लीक पर गरमाई सियासत, यूथ कांग्रेस-NSUI ने क्या मांग कर दी

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (13 मई 2026): NEET 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस की युवा इकाई भारतीय युवा कांग्रेस और छात्र संगठन एनएसयूआई ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पर तीखा हमला बोला है। दोनों संगठनों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के गठन तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही एनटीए को पूरी तरह विफल बताते हुए इसे स्थायी रूप से बंद कर किसी सरकारी संस्था के माध्यम से परीक्षाएं आयोजित कराने की मांग भी उठाई गई है।

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि पेपर लीक देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक का पूरा नेक्सस भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा संचालित किया जा रहा है और पैसों के खेल में छात्रों का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है।

उदय भानु चिब ने कहा कि देश के लाखों छात्र कठिन मेहनत कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनका पूरे सिस्टम से भरोसा उठ जाता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 89 पेपर लीक हुए हैं और 48 परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि 2017 में एनटीए के गठन के बाद से पेपर लीक की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है।

चिब ने सवाल उठाया कि एनटीए का ऑडिट कौन करता है और निजी वेंडरों को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी किस आधार पर दी जाती है। उन्होंने कहा कि पहले विश्वविद्यालय और राज्य सरकारें स्वयं परीक्षाएं कराती थीं, लेकिन अब छात्रों का भविष्य निजी एजेंसियों के भरोसे छोड़ दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में अमीर परिवारों के बच्चों को फायदा मिलेगा, जबकि गरीब और मेहनती छात्रों का भविष्य अंधेरे में धकेला जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2024 में जिन एनटीए महानिदेशक के कार्यकाल में नीट पेपर लीक हुआ था, उन्हें बाद में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव बना दिया गया। चिब ने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि पेपर लीक से जुड़े लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।

वहीं विनोद जाखड़ ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि हर बार एनटीए केवल माफी मांगकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करता है, जबकि सरकार किसी भी स्तर पर जवाबदेही तय नहीं करती। उन्होंने सवाल किया कि क्या केवल माफी मांग लेने से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की परेशानियां समाप्त हो जाएंगी।

जाखड़ ने रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि नीट 2026 पेपर लीक का केंद्र राजस्थान रहा और इस पूरे मामले को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भाजपा नेताओं के नाम सामने आए हैं, जो कोचिंग संस्थान भी संचालित करते हैं। उन्होंने कहा कि सीकर, कोटा और जयपुर जैसे कोचिंग हब में कई संस्थान भाजपा नेताओं से जुड़े हुए हैं। जाखड़ ने दावा किया कि मामले में आरोपित जमवारामगढ़ के दो भाई भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े हैं और उनकी तस्वीरें कई बड़े नेताओं के साथ सामने आई हैं।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण छात्रों और उनके अभिभावकों को मानसिक तनाव, भारी कोचिंग फीस, परिवहन खर्च और शैक्षणिक वर्ष की बर्बादी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रभावित छात्रों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। साथ ही पेपर लीक में शामिल दोषियों और कोचिंग माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

दोनों युवा नेताओं ने कहा कि यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई ने मंगलवार और बुधवार को देशभर में छात्रों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया है और आगे भी इस मुद्दे पर सरकार की जवाबदेही तय कराने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।