Bharat Siksha Expo 2026: हजारों छात्रों को मिलेगा करियर और एडमिशन मार्गदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/05/2026): देशभर में हजारों छात्र-छात्राएं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अपने उच्च शिक्षा के भविष्य की योजना बनाने में जुटे हैं। इसी बीच भारत शिक्षा एक्सपो 2026 (Bharat Shiksha Expo) का तीसरा संस्करण भारत के सबसे बड़े शिक्षा और करियर मार्गदर्शन मंचों में से एक के रूप में 14 से 16 मई 2026 तक प्रतिष्ठित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा (India Expo Centre And Mart) में आयोजित होने जा रहा है।

छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए तैयार किए गए इस तीन दिवसीय मेगा एजुकेशन इवेंट का उद्देश्य आकांक्षाओं और अवसरों के बीच की दूरी को कम करना है। इस मंच पर देश के प्रमुख विश्वविद्यालय, स्कूल, एडटेक कंपनियां, करियर काउंसलर और इंडस्ट्री एक्सपर्ट एक साथ नजर आएंगे। आयोजन में हजारों छात्रों के शामिल होने की संभावना है, जो कोर्स, कॉलेज, करियर विकल्प और भविष्य के कौशल को लेकर स्पष्ट मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहते हैं।

यह एक्सपो ऐसे समय में आयोजित हो रहा है जब 12वीं की परीक्षा दे चुके छात्र प्रवेश और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने की तैयारी कर रहे हैं। इसके साथ ही कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को भी स्ट्रीम चयन, करियर काउंसलिंग और नए युग के उभरते क्षेत्रों के बारे में जानकारी मिलेगी।

इस वर्ष के आयोजन का प्रमुख आकर्षण फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FEII) के सहयोग से आयोजित होने वाला “विश्व गुरु सम्मेलन” होगा, जो भारत की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव और देश को वैश्विक ज्ञान शक्ति बनाने की दिशा में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद का मंच बनेगा।

कार्यक्रम में IIT मद्रास, IIT कानपुर, एमिटी यूनिवर्सिटी, शारदा यूनिवर्सिटी, KIET ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस और अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान भाग लेंगे। आयोजन में 50 से अधिक प्रमुख विश्वविद्यालयों और संस्थानों के प्रदर्शक के रूप में शामिल होने की संभावना है।

मीडिया को संबोधित करते हुए ADM मंगलेश दुबे ने कहा कि भारत शिक्षा एक्सपो छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों को एक साझा मंच पर लाने की महत्वपूर्ण पहल बन चुका है। उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं के बाद छात्रों के सामने अक्सर यह भ्रम रहता है कि उन्हें कौन-सा कोर्स चुनना चाहिए, किस संस्थान में प्रवेश लेना चाहिए और कौन-सा करियर उनके लिए उपयुक्त रहेगा। एक्सपो का उद्देश्य इन्हीं सवालों के जवाब विशेषज्ञों और संस्थानों के माध्यम से उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि पहले के समय में करियर विकल्प सीमित थे और मार्गदर्शन भी बहुत कम मिलता था, जबकि आज के छात्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, पर्यावरण विज्ञान, क्रिएटिव राइटिंग जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों से परिचित हो रहे हैं। भारत शिक्षा एक्सपो ऐसा वातावरण तैयार कर रहा है जहां छात्रों को सही समय पर सही मार्गदर्शन मिल सके, ताकि वे अपने शैक्षणिक और पेशेवर भविष्य को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें।

मंगलेश दुबे ने बताया कि जिला प्रशासन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और आयोजक मिलकर इस आयोजन में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार प्रतिदिन लगभग 20 से 25 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है, जो पिछले संस्करण में आए 15 से 17 हजार आगंतुकों से कहीं अधिक होगी।

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि सही कोर्स और संस्थान का चयन किसी भी छात्र के शैक्षणिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय होता है। भारत शिक्षा एक्सपो छात्रों और अभिभावकों को ऐसा भरोसेमंद मंच देगा, जहां वे सीधे संस्थानों, काउंसलर्स और शिक्षा विशेषज्ञों से बातचीत कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल 12वीं के छात्रों के लिए ही नहीं बल्कि उन विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी होगा, जो अपने विषयों और भविष्य के करियर विकल्पों को लेकर सोच रहे हैं। यह मंच छात्रों को शिक्षा संस्थानों और विशेषज्ञों से जोड़कर उन्हें सही दिशा देने का कार्य करेगा।

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के CEO सुदीप सरकार ने कहा कि इस बार के आयोजन को पहले से अधिक विस्तृत और स्किल-ओरिएंटेड बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पहले भी हैकाथॉन और इनोवेशन गतिविधियां आयोजित की गई थीं, लेकिन इस बार प्रिंसिपल्स मीट और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के क्रियान्वयन पर विशेष सत्र भी आयोजित होंगे।

सुदीप सरकार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और उच्च शिक्षा एवं रोजगार में AI आधारित बदलाव इस वर्ष के प्रमुख विषय रहेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले तीन संस्करणों में छात्रों, विश्वविद्यालयों और प्रदर्शकों से मिले फीडबैक के आधार पर इस बार के आयोजन को अधिक व्यावहारिक, प्रभावी और भविष्य उन्मुख बनाया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि आज के डिजिटल दौर में छात्र इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से अत्यधिक जानकारी तो प्राप्त कर लेते हैं, लेकिन उन्हें व्यवस्थित मार्गदर्शन की कमी महसूस होती है। ऐसे में एक्सपो छात्रों को सही करियर चुनने के लिए उचित काउंसलिंग प्रदान करेगा।

भारत शिक्षा एक्सपो के एडिशनल जनरल मैनेजर – स्पेशल प्रोजेक्ट्स अभिषेक शुक्ला ने कहा कि आयोजन की अवधारणा तीन महत्वपूर्ण सवालों पर आधारित है — छात्रों और अभिभावकों को क्या चाहिए, क्यों चाहिए और वे उसे कैसे हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत शिक्षा एक्सपो छात्रों को “कैसे” के पहलू पर मार्गदर्शन देता है और उन्हें सीधे संस्थानों एवं विशेषज्ञों से जोड़ता है।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा ज्ञान सत्र, मास्टरक्लास, पैनल चर्चा, काउंसलिंग सत्र और इनोवेशन आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पहले दिन उद्घाटन समारोह, NEP से जुड़े सत्र और IIT मद्रास के विशेषज्ञों की चर्चा होगी। दूसरे दिन AI, उच्च शिक्षा में बदलाव और प्रिंसिपल्स-डायरेक्टर्स मीट पर फोकस रहेगा। अंतिम दिन “वन नेशन, वन क्लासरूम” विषय पर चर्चा के साथ समापन एवं पुरस्कार समारोह आयोजित होगा।

एक्सपो के तहत “क्रिएथॉन” पहल के अंतर्गत हैकाथॉन, लॉन्चाथॉन, एग्रीथॉन, आइडियाथॉन, कोडाथॉन और स्पेसटेक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को उद्योग आधारित विचारों पर काम करने और व्यावहारिक समाधान विकसित करने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा SciTech क्विज, AI आधारित वर्कशॉप, डिजाइन थिंकिंग सत्र और व्यक्तिगत करियर काउंसलिंग कार्यक्रम भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे। आयोजकों का मानना है कि ये पहल छात्रों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, मैनेजमेंट, डिजाइन, लिबरल आर्ट्स, डेटा साइंस, AI और व्यावसायिक शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भविष्य की संभावनाओं को समझने में मदद करेंगी।

यह आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की उस सोच के अनुरूप है, जो बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, डिजिटल लर्निंग और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती है। भारत शिक्षा एक्सपो 2026 का उद्देश्य छात्रों को जागरूक बनाना, उन्हें सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना और आत्मविश्वास के साथ भविष्य की दिशा तय करने में सहायता करना है।

भारत की तेजी से बदलती शिक्षा व्यवस्था और नए करियर अवसरों के विस्तार के बीच भारत शिक्षा एक्सपो 2026 छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और संस्थानों के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान और नेटवर्किंग मंच के रूप में उभरने जा रहा है।

कार्यक्रम विवरण:

कार्यक्रम: भारत शिक्षा एक्सपो 2026 (तीसरा संस्करण)
तारीख: 14 से 16 मई 2026
स्थान: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, दिल्ली-एनसीआर


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।