7 सेकंड की क्लिप से भड़का सियासी संग्राम: राजकुमार भाटी के बयान पर बवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/05/2026): दिल्ली में आयोजित एक साहित्यिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा कही गई एक बात ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई कुछ सेकंड की वीडियो क्लिप को लेकर ब्राह्मण समाज के एक वर्ग ने तीखी नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद भाजपा ने इसे मुद्दा बनाते हुए समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोल दिया। बढ़ते विवाद के बीच राजकुमार भाटी सामने आए और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगते हुए कहा कि उनके पूरे भाषण को संदर्भ से काटकर पेश किया गया।

मामला 5 मई को दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां ‘जाति और सांप्रदायिकता के विषाणु’ नामक पुस्तक का विमोचन किया गया था। इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े वक्ताओं ने हिस्सा लिया। इसी दौरान राजकुमार भाटी ने भारतीय समाज में जातियों को लेकर प्रचलित अपमानजनक कहावतों और मुहावरों का जिक्र किया। उनके भाषण का एक छोटा हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने इसे ब्राह्मण समाज के सम्मान से जोड़ते हुए समाजवादी पार्टी से जवाब मांगा। ट्विटर, फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर यूजर्स ने भाटी के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

विवाद बढ़ने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज के खिलाफ इस प्रकार की भाषा अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के कई नेता समय-समय पर सनातन परंपरा और धार्मिक आस्थाओं के खिलाफ बयान देते रहे हैं। साथ ही उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख सामने रखने की मांग की।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच राजकुमार भाटी ने वीडियो जारी कर सफाई दी और कहा कि उनके बयान का उद्देश्य किसी जाति का अपमान करना नहीं था। उन्होंने दावा किया कि उनके 12 मिनट लंबे भाषण में से केवल 7 सेकंड की क्लिप काटकर वायरल की गई, जिससे गलत संदेश गया।

सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि, मेरे 12 मिनट के एक भाषण से 7 सेकंड की क्लिप काटकर मेरे खिलाफ एक दुष्प्रचार किया जा रहा है कि मैंने ब्राह्मणों के बारे में अपशब्द बोले हैं। सबसे पहले तो मैं बिना शर्त, बिना इफ़ एंड बट के, बिना लाग-लपेट के, अगर मेरे इन शब्दों से किसी ब्राह्मण भाई को बुरा लगा है, उनके दिल को आघात पहुँचा है, उनका दिल दुखा है, तो मैं बिना शर्त माफ़ी मांगता हूँ। मैं उनसे कृतज्ञ होकर हाथ जोड़कर माफ़ी मांगता हूँ कि मेरा ऐसा कोई इरादा था नहीं और कभी होता नहीं है।

उन्होंने आगे कहा, मैं समाजवादी विचारधारा पर चलने वाला व्यक्ति हूँ, जो सच्चा समाजवादी होगा वह कभी किसी जाति या धर्म को अपमानित नहीं करेगा। लेकिन मेरा दुर्भाग्य है कि कुछ लोग मेरे खिलाफ लगातार यह प्रचार करते रहते हैं कि मैं ब्राह्मण विरोधी या सनातन विरोधी हूँ, जबकि यह पूरी तरह गलत है। मैं ब्राह्मण समाज का सम्मान करता हूँ और किसी भी जाति या धर्म के खिलाफ सोच भी नहीं सकता।”

राजकुमार भाटी ने कार्यक्रम का संदर्भ बताते हुए कहा कि वे समाज में प्रचलित जातिगत तानों और भद्दी कहावतों की आलोचना कर रहे थे। उनके अनुसार, उन्होंने अपने भाषण में यह स्पष्ट कहा था कि केवल दलित, पिछड़े या अन्य वर्ग ही नहीं बल्कि लगभग हर जाति को लेकर समाज में अपमानजनक मुहावरे और कहावतें बनाई गई हैं, जो गलत हैं और उनका विरोध होना चाहिए।

उन्होंने कहा, मैं इन गंदी लोकोक्तियों और कहावतों का समर्थन नहीं कर रहा था, बल्कि उनका विरोध कर रहा था। लेकिन मेरे पूरे वक्तव्य को दिखाने के बजाय केवल एक हिस्सा वायरल कर यह माहौल बनाया गया कि मैंने ब्राह्मण समाज के खिलाफ टिप्पणी की है।

राजकुमार भाटी ने यह भी स्वीकार किया कि, जिस दोहे का जिक्र उन्होंने भाषण में किया, वह बेहद आपत्तिजनक था। उन्होंने कहा कि यदि उस दोहे का उल्लेख करना भी गलती थी, तो उसके लिए भी वह दोबारा माफी मांगते हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज से अपील करते हुए कहा, ब्राह्मण समाज एक प्रबुद्ध और शिक्षित समाज माना जाता है। पूरी बात समझे बिना किसी निष्कर्ष पर न पहुँचे। पूरी वीडियो सुनेंगे तो सच्चाई समझ में आ जाएगी।

फिलहाल इस पूरे विवाद ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। भाजपा इसे समाजवादी पार्टी की सोच बता रही है, जबकि सपा प्रवक्ता का दावा है कि उनके बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। अब राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


 

टिप्पणियाँ बंद हैं।