National News (12 May 2026): असम के प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूजा-अर्चना कर मां कामाख्या का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मां कामाख्या का आशीर्वाद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और भाजपा सरकारें विकास एवं जनविश्वास के आधार पर लगातार मजबूत हो रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि असम में तीसरी बार भाजपा सरकार का गठन पूरे देश के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के हर वर्ग के लिए बेहतर कार्य किए हैं, जिसका परिणाम जनता के समर्थन के रूप में सामने आया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि असम विकास, सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने भी मां कामाख्या के दर्शन कर राज्य की प्रगति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के आशीर्वाद से असम विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी मंदिर पहुंचे। इनमें नायब सिंह सैनी, देवेंद्र फडणवीस, प्रमोद सावंत, भजनलाल शर्मा, सम्राट चौधरी, माणिक साहा और पुष्कर सिंह धामी शामिल रहे।
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के गौरी शंकर मंदिर में विशेष पूजा-अनुष्ठान में हिस्सा लिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जलाभिषेक कर देश और समाज के कल्याण की कामना की। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेकर भारतीय परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को बढ़ावा देने का संदेश दे रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली की मुख्यमंत्री 13 मई को त्रिपुरा दौरे पर भी जाएंगी। इस दौरान वह प्रसिद्ध त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा शासित राज्यों के नेताओं की यह धार्मिक सक्रियता सांस्कृतिक जुड़ाव और राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक मजबूती की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।