सेंट जोसेफ विद्यालय में क्षेत्रीय खो-खो प्रतियोगिता का रोमांचक समापन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/05/2026): सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय (St. Joseph School) में आयोजित गाजियाबाद क्षेत्र की बालक एवं बालिका वर्ग की क्षेत्र स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिता में गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।

इस खेल प्रतियोगिता में लगभग 270 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सेंट जोसेफ विद्यालय ग्रेटर नोएडा, जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल ग्रेटर नोएडा, सेंट टेरेसा स्कूल मोदीनगर, सेंट मैरी स्कूल गाजियाबाद, होली एंजल स्कूल साहिबाबाद, होली एंजल स्कूल शालीमार बाग, ग्लोबल नवजीवन स्कूल दिल्ली, माउंट कार्मेल स्कूल मुरादनगर, होली चाइल्ड स्कूल गाजियाबाद, सेंट एंथोनी स्कूल गाजियाबाद, फातिमा कॉन्वेंट स्कूल गाजियाबाद और सेंट पॉल्स एकेडमी गाजियाबाद सहित कुल 12 विद्यालयों की टीमें शामिल हुईं।

प्रतियोगिता को खिलाड़ियों की आयु सीमा के आधार पर तीन वर्गों — अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 — में आयोजित किया गया, ताकि सभी प्रतिभागियों को समान अवसर मिल सके और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनी रहे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने टीम भावना, खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया।

बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।

अंडर-14 वर्ग में होली एंजल स्कूल साहिबाबाद ने माउंट कार्मेल स्कूल गाजियाबाद को 9 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

अंडर-17 वर्ग में जीसस एंड मैरी स्कूल ग्रेटर नोएडा ने माउंट कार्मेल स्कूल गाजियाबाद को 8 अंकों से मात दी।

वहीं अंडर-19 वर्ग में सेंट जोसेफ विद्यालय ग्रेटर नोएडा ने होली एंजल स्कूल साहिबाबाद को एक पारी से हराकर विजेता ट्रॉफी हासिल की।

विजेताओं को पदक और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आपसी सौहार्द सीखने का भी सर्वोत्तम मंच है। उन्होंने खुशी जताई कि पूरी प्रतियोगिता सौहार्दपूर्ण और खेल भावना के साथ संपन्न हुई। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में जुटे खेल विभाग और सहयोगी कर्मचारियों के प्रयासों की भी सराहना की।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयनित कर प्रत्येक आयु वर्ग की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। यह टीम जुलाई में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय बालक वर्ग की प्रतियोगिता सेंट जोसेफ विद्यालय ग्रेटर नोएडा में जबकि बालिका वर्ग की प्रतियोगिता जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट विद्यालय में आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराने में खेल विभाग के मनीष तिवारी, एकता खन्ना, संगीता राठी, सृजन कुमारी और त्रिमोहन कुमार सहित अन्य सहयोगी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खिलाड़ियों की सुविधा और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर पूरी टीम लगातार सक्रिय रही।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।