Punjab News (09 May 2026): पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया जब प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने राज्य के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को धनशोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने शनिवार सुबह चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर छापेमारी के दौरान उन्हें हिरासत में लिया। अधिकारियों के मुताबिक अरोड़ा जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, जिसके बाद एजेंसी ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इस पूरे ऑपरेशन के तहत चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम समेत उत्तर भारत के कई ठिकानों पर एक साथ छापे मारे गए। ईडी की टीम ने गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड कंपनी के परिसर में भी तलाशी अभियान चलाया।
ईडी के अनुसार यह मामला 100 करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जी जीएसटी लेनदेन और मोबाइल फोन निर्यात से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से संबंधित है। जांच एजेंसी का आरोप है कि दिल्ली की कई अस्तित्वहीन कंपनियों के जरिए फर्जी बिल तैयार किए गए और इनपुट टैक्स क्रेडिट यानी आईटीसी का गलत फायदा उठाया गया। एजेंसी का दावा है कि इन कथित फर्जी कारोबारों के माध्यम से अवैध धन को दुबई के रास्ते भारत वापस लाया गया। इसी आधार पर ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम यानी पीएमएलए के तहत नया मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
संजीव अरोड़ा पहले से भी ईडी की जांच के दायरे में रहे हैं। वर्ष 2024 में भी एजेंसी ने उनके और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान उन पर औद्योगिक जमीन के दुरुपयोग और आवासीय परियोजनाओं से जुड़े अनियमितताओं के आरोप लगे थे। उस समय अरोड़ा राज्यसभा सांसद थे। अब एक बार फिर ईडी की कार्रवाई ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में एजेंसी उनसे पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड मांग सकती है।
पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे समय में ईडी की यह बड़ी कार्रवाई राजनीतिक माहौल को और गर्मा सकती है। विपक्ष लगातार आम आदमी पार्टी सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेर रहा है, जबकि पार्टी पहले भी केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बता चुकी है। संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद अब पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।