डाइट दनकौर में ईसीसीई रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन, ‘बालवाटिका पत्रिका’ का हुआ विमोचन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (09/05/2026): गौतमबुद्ध नगर जनपद में प्रारंभिक एवं आधारभूत शिक्षा को नई दिशा देने की पहल के तहत शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) दनकौर में ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। इसी अवसर पर त्रैमासिक ‘बालवाटिका पत्रिका’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप शिक्षा निदेशक एवं डाइट दनकौर की प्राचार्य श्रीमती अर्चना गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर तथा सरस्वती वंदना के साथ किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने नवनिर्मित ईसीसीई रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध शिक्षण सामग्री एवं नवाचार आधारित गतिविधियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह रिसोर्स सेंटर जनपद के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एक प्रभावी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति और फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने में यह केंद्र अहम भूमिका निभाएगा। यहां शिक्षकों को खेल आधारित शिक्षण, अनुभवात्मक अधिगम और बाल मनोविज्ञान आधारित आधुनिक शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा अधिक सहज, प्रभावी और रुचिकर बन सकेगी।
समारोह के दौरान ‘बालवाटिका पत्रिका’ का भी विमोचन किया गया। इस त्रैमासिक पत्रिका में बाल्यावस्था शिक्षा से जुड़ी नवाचारी गतिविधियों, बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों, शिक्षकों के अनुभवों तथा विभिन्न शिक्षण विधियों को शामिल किया गया है। उपस्थित अतिथियों ने पत्रिका की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सामग्री बच्चों के बौद्धिक और भाषाई विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी प्रोत्साहित करती है।
कार्यक्रम में बालवाटिका के नन्हें विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को देखकर उपस्थित अतिथि भावुक नजर आए। अतिथियों ने बच्चों से संवाद कर उन्हें शिक्षण सामग्री और प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी वितरित किए।
रिसोर्स सेंटर में ‘कबाड़ से जुगाड़’ थीम पर तैयार किए गए टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) और अभिनव शिक्षण मॉडल भी प्रदर्शित किए गए, जिन्हें शिक्षा विशेषज्ञों ने काफी सराहा। इस अवसर पर ईसीसीई नोडल प्रवक्ता दीक्षा, डीसी निपुण अमित कुमार, नोडल एसआरजी अशोक कुमार, राजेश खन्ना, धनराज, डाइट के प्रवक्तागण, अर्चना पांडेय, सीडीपीओ, सुपरवाइजर, एआरपी, संकुल शिक्षक, ईसीसीई एजुकेटर, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।