इंडिगो बनेगी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की लॉन्च कैरियर, 15 जून से शुरू होंगी उड़ानें
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (08 मई 2026): उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन 15 जून 2026 से शुरू होने जा रहा है। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो इस एयरपोर्ट से सेवाएं शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बनेगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के तीसरे बड़े एयरपोर्ट के रूप में विकसित हो रहा यह प्रोजेक्ट क्षेत्रीय और राष्ट्रीय कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, शुरुआती चरण में इंडिगो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक शहरों से जोड़ेगी। इनमें बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। इससे एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सीधे और बेहतर हवाई संपर्क का लाभ मिलेगा।
इंडिगो के चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एनसीआर के लिए एक नए एविएशन गेटवे के रूप में उभरेगा। उन्होंने बताया कि एयरलाइन पहले से दिल्ली के IGI एयरपोर्ट और हिंडन एयरपोर्ट से सेवाएं दे रही है, जबकि अब NIA के जुड़ने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में गिना जा रहा है। एयरपोर्ट को मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे सड़क, रेल और मेट्रो नेटवर्क के जरिए यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। आने वाले समय में इसे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
15 जून 2026 की उद्घाटन उड़ानें
लखनऊ → नोएडा : सुबह 07:05 बजे – 08:05 बजे
नोएडा → बेंगलुरु : समय जल्द घोषित किया जाएगा
विशेषज्ञों के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत भारत के एविएशन सेक्टर में एक नए विस्तार का संकेत है। इससे न केवल एनसीआर की हवाई क्षमता बढ़ेगी, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।