क्या हुआ जब शादी में घुड़चढ़ी के समय पहुंच गई प्रेमिका?

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (08/05/2026): ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक शादी उस समय विवादों में घिर गई, जब घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान युवक की कथित प्रेमिका मौके पर पहुंच गई और पूरे गांव के सामने जमकर विरोध जताया। युवती ने युवक पर शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक संबंध रखने और बाद में धोखा देने का आरोप लगाया। अचानक हुए हंगामे से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिवार को रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं।

मामला रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, युवक की बारात गुरुवार शाम मथुरा जानी थी। घर में घुड़चढ़ी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों के बीच जश्न का माहौल था। इसी दौरान एक युवती अपने परिजनों के साथ वहां पहुंची और दूल्हे को अपना प्रेमी बताते हुए शादी रुकवा दी।

युवती ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से उसका युवक के साथ प्रेम संबंध था। उसने दावा किया कि युवक लगातार उससे शादी का आश्वासन देता रहा और इसी भरोसे पर दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध भी बने। अब परिवार के दबाव में युवक दूसरी जगह विवाह करने जा रहा था। बताया जा रहा है कि युवती युवक की रिश्तेदारी में लगती है और वर्तमान में बीए की पढ़ाई कर रही है, जबकि युवक निजी कंपनी में कार्यरत है।

घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। युवती ने ग्रामीणों और रिश्तेदारों के सामने युवक से अपने रिश्ते को स्वीकार करने की मांग की। माहौल बिगड़ता देख परिजनों ने तत्काल घुड़चढ़ी की रस्म रुकवा दी और दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू कराई गई। सूत्रों के मुताबिक देर रात तक पंचायत और समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन युवती युवक से शादी की मांग पर अड़ी रही। दूसरी ओर, युवक के परिवार वाले सामाजिक प्रतिष्ठा और तय रिश्ते का हवाला देते रहे।

गांव में चर्चा है कि युवक पहले से ही परिवार द्वारा तय की गई शादी से संतुष्ट नहीं था। उसने कथित तौर पर अपने घरवालों के सामने प्रेमिका से विवाह करने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन परिवार ने इसे स्वीकार नहीं किया। कुछ ग्रामीणों का यह भी कहना है कि युवक ने खुद ही अपनी प्रेमिका को शादी की सूचना दी थी, ताकि विवाह रुक सके। हालांकि, इस संबंध में किसी भी पक्ष ने आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है। पूरे घटनाक्रम के बावजूद मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। रबूपुरा पुलिस का कहना है कि, उन्हें इस विवाद की कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।