एनजीओ और आरडब्ल्यूए के साथ डीएम ने श्रमिक हितों पर की बैठक

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (07/05/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर में कार्यरत श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को डीएम मेधा रूपम (DM Medha Roopam) ने कलेक्ट्रेट सभागार में एनजीओ और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों (NGOs and RWAs) के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में श्रमिकों (Workers) के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं और सहयोगात्मक प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है, जहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं और लाखों श्रमिक विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। ऐसे में श्रमिकों के लिए बेहतर आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और उनके बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने बैठक में उपस्थित एनजीओ और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से कहा कि श्रमिक कल्याण केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं, स्किल डेवलपमेंट और बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में एनजीओ की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

बैठक के दौरान डीएम ने श्रमिक दिवस (Labor Day) पर आयोजित मेगा हेल्थ कैंप (Mega Health Camp) में सहयोग देने वाले निजी अस्पतालों और सामाजिक संस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं और अन्य संस्थाओं को भी आगे आकर ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

डीएम मेधा रूपम ने निर्देश दिए कि जिला सेवायोजन अधिकारी केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित श्रमिक कल्याण योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सभी संबंधित एनजीओ के साथ साझा करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और नागरिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से ही श्रमिकों के जीवन में वास्तविक सुधार लाया जा सकता है। साथ ही सभी संस्थाओं से श्रमिकों के हित में सक्रिय सहयोग देने की अपील भी की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सहायक श्रमायुक्त सुयश पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।