बंगाल को ‘स्वतंत्र राष्ट्र’ बनाने की मांग पर बवाल, बांग्लादेशी नेता के बयान से मचा विवाद

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (07/05/2026): पश्चिम बंगाल (West Bengal) में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावी तनाव के बीच बांग्लादेश (Bangladesh) के एक कट्टरपंथी संगठन के नेता के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। बांग्लादेश जुलाई योद्धा संसद के अध्यक्ष मोहम्मद नूरुल हुदा ड्यूक ने टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बंगाल को “स्वतंत्र देश” घोषित करने की अपील की है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक हलचल तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद जारी राजनीतिक तनाव और हिंसा के बीच नूरुल हुदा ड्यूक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने ममता बनर्जी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बीजेपी को सत्ता सौंपने से इनकार कर “साहसिक कदम” उठाया है। इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी से दिल्ली के शासन को अस्वीकार कर पश्चिम बंगाल को स्वतंत्र राष्ट्र घोषित करने की अपील कर दी।

कट्टरपंथी नेता ने अपने संदेश में दावा किया कि यदि पश्चिम बंगाल खुद को स्वतंत्र घोषित करता है तो बांग्लादेश की जनता उसका समर्थन करेगी। पोस्ट में यह भी कहा गया कि बांग्लादेश के करोड़ों लोग बंगाल के साथ खड़े रहेंगे और उसे एक अलग देश के रूप में मान्यता देने का समर्थन करेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने हर राज्य और नागरिक को “दिल्ली के वर्चस्व” से मुक्त होने की बात भी कही।

नूरुल हुदा ड्यूक ने अपने बयान में यह भी उल्लेख किया कि ममता बनर्जी पहले भी बंगाल की “स्वायत्त पहचान” से जुड़े मुद्दों का समर्थन करती रही हैं। हालांकि, उनके इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल इस बयान ने भारत और बांग्लादेश के संबंधों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के अलगाववादी बयान सीमा पार संबंधों और आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाते हैं। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां भी इस बयान को गंभीरता से देख रही हैं। दूसरी ओर बीजेपी समर्थकों ने इसे देश की एकता और अखंडता के खिलाफ बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।

फिलहाल टीएमसी या ममता बनर्जी की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन बांग्लादेशी नेता के विवादित बयान ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।