West Bengal News (07 May 2026): पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक हिंसा का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। बीजेपी नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और राजनीतिक माहौल और ज्यादा गरमा गया। पुलिस ने मौके पर भारी फोर्स तैनात कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात मध्यमग्राम के दोलतला इलाके के दोहरिया में बुधवार रात हुई। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ अपनी कार से कहीं जा रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया। हमलावरों ने कार को रोककर बेहद करीब से फायरिंग शुरू कर दी। रथ ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे और गोलियां सीधे उन्हें निशाना बनाकर चलाई गईं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
फायरिंग में चंद्रनाथ रथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके ड्राइवर को भी गोली लगी। दोनों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रथ को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, रथ के सीने और पेट में कई गोलियां लगी थीं, जिनमें से कुछ गोली हृदय तक पहुंच गई थीं। वहीं घायल ड्राइवर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई।
बीजेपी नेताओं ने इस हत्या को सुनियोजित और टारगेटेड हमला बताया है। बीजेपी विधायक कौस्तव बागची ने आरोप लगाया कि हमलावर काफी देर से रथ की कार का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही उन पर गोलियां बरसा दीं। वहीं बीजेपी नेता तरुणज्योति तिवारी ने कहा कि पार्टी लगातार शांति की अपील कर रही थी, लेकिन इस घटना ने राजनीतिक हालात को और गंभीर बना दिया है। पार्टी नेताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इस घटना ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य में पहली बार सरकार बनाने का रास्ता साफ किया है। चुनाव में ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा, जहां सुवेन्दु अधिकारी ने जीत हासिल की। चुनावी नतीजों के बाद राज्य में लगातार तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।