ग्रेटर नोएडा में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में पड़ोसियों पर आरोप
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/05/2026): सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव में पुरानी दुश्मनी एक बार फिर खूनी रूप ले बैठी। देर रात हुई गोलीबारी की घटना में 25 वर्षीय युवक साजन की जान चली गई। परिजनों ने इस हत्या के पीछे पड़ोस में रहने वाले लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे की है। साजन एक मित्र के यहां आयोजित शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि पड़ोसी मंगेश उर्फ टिल्लू ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर साजन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक साजन विधि (एलएलबी) की पढ़ाई कर रहा था और अपने परिवार का होनहार सदस्य था। उसके परिवार में दो भाई हैं। इस घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर कई नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर में वीर सिंह, मंगेश उर्फ टिल्लू, वीरबती और श्रीपाल सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो इस वारदात का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अब पुराने विवाद और आपसी रंजिश के पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
टिप्पणियाँ बंद हैं।