बंगाल ने डर की राजनीति को नकारा, विकास और विश्वास पर लगाया मुहर: डॉ महेश शर्मा, सांसद

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (05/05/2026): नोएडा के सेक्टर-27 स्थित कैलाश सभागार में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में विजय उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव परिणामों को ऐतिहासिक करार दिया।

कार्यक्रम के दौरान टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में डॉ. महेश शर्मा ने पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल और वहां के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि, राज्य की जनता लंबे समय से भय, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के माहौल से परेशान थी और बदलाव की तलाश में थी। आगे उन्होंने कहा, बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता यह चाहती थी कि वहां के लोगों को कुशासन और डर के वातावरण से मुक्ति मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘भय नहीं, भरोसा’ का जो संदेश दिया था, वह अब ‘भय नहीं, भविष्य’ में बदल गया है। यह चुनाव परिणाम उसी विश्वास का प्रतीक है।

डॉ. महेश शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि, उन्होंने जनता को निष्पक्ष और निर्भय होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया, जिसका असर मतदान प्रतिशत और परिणामों में साफ तौर पर देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिली है और करीब 206 सीटों के साथ सरकार बनाने का अवसर मिला है। उनके अनुसार, यह जनादेश बंगाल में नई राजनीतिक दिशा और विकास की शुरुआत का संकेत है।

डॉ. महेश शर्मा ने कहा, पिछले एक दशक से अधिक समय से बंगाल की जनता तुष्टीकरण और गलत नीतियों के कारण परेशान थी। अब यह जनादेश विकास, सुशासन और पारदर्शिता के पक्ष में आया है। आने वाले पांच वर्षों में राज्य में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

बातचीत के दौरान उन्होंने अपने चुनावी अनुभव भी साझा किए और बताया कि चुनाव के दौरान वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण था और लोग खुलकर समर्थन जताने से भी हिचकिचाते थे। उन्होंने कहा, परिणाम आने से एक दिन पहले तक लोग डर के कारण हमें अपने घर बुलाने से कतराते थे। लेकिन जैसे ही परिणाम आने शुरू हुए और जीत स्पष्ट होने लगी, वही लोग हमें अपने घर आने का निमंत्रण देने लगे। इससे वहां के माहौल में आए बदलाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई, जिससे लोकतंत्र की मजबूती का संदेश गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। डॉ. महेश शर्मा ने बंगाल की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जनादेश राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव साबित होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।