नोएडा के सेक्टर-113 में बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, फ्लैट के अंदर बेड पर मिला शव

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (03/05/2026): नोएडा, सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय युवराज त्यागी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ के सिविल लाइन इलाके के निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवराज त्यागी पिछले कई वर्षों से अपने बच्चों के साथ यूनाइटेड किंगडम में रह रहे थे। फरवरी 2026 में वे दांतों के उपचार के लिए नोएडा आए थे और तब से सेक्टर-113 क्षेत्र में एक किराए के फ्लैट में अकेले रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम डायल-112 पर सूचना मिली कि नॉर्थ आई बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब जांच की गई तो पाया गया कि फ्लैट के अंदर बेड पर युवराज त्यागी मृत अवस्था में पड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की और लगातार कॉल का कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने नोएडा में रहने वाले मृतक के भतीजे को फ्लैट पर जाकर स्थिति देखने के लिए कहा।

भतीजा जब मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार डोरबेल बजाने और आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद बिल्डिंग के सुरक्षा कर्मियों की मदद से अंदर झांककर देखा गया, जहां युवराज त्यागी बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया और अंदर जाकर देखा गया तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की जबरन घुसपैठ या संघर्ष के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, घटना की जानकारी मृतक के यूनाइटेड किंगडम में रह रहे दोनों बच्चों को भी दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। देर रात शव को अंतिम संस्कार के लिए मेरठ भेज दिया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।